शिवपुरी। शिवपुरी जिले में डेंगू को लेकर हालत बिगड़ गए हैं। ऐसी कोई कॉलोनी या बस्ती नहीं, जहां पर डेंगू पीड़ित मरीज नहीं मिल रहे हों। स्थिति यह है कि अभी तक जिले में 400 से ज्यादा पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। स्थिति बिगड़ने के बाद अब प्रशासन चेता है।
जिले में डेंगू पीड़ितों संख्या बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका ने लार्वा विनिष्टकरण का काम और ज्यादा टीमें लगाकर तेज कर दिया गया है। इसके अलावा लोगों को डेंगू से बचाव व लार्वा विनिष्टीकरण को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
इस समय शिवपुरी शहर में लार्वा विनिष्टीकरण के लिए 26 टीमें लगी हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को डेंगू व मलेरिया को लेकर जागरूक कर रही हैं।
साथ ही घरों में मिलने वाले लार्वा को नष्ट कर रही हैं। इसके अलावा फोगिंग मशीन से मच्छरों का मारने का काम भी किया जा रहा है। साथ ही स्कूलों में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसमें शिवपुरी मेडीकल कॉलेज व स्वास्थ्य विभाग की टीमें इससे बचाव के उपाय बता रही हैं।
शिवपुरी में अभी तक 38 हजार घरों मेें लार्वा सर्वेक्षण का काम हुआ है और 6 हजार से ज्यादा घरों में लार्वा मिलने पर इसे नष्ट किया है। अभियान से जुड़ी टीमें लोगों को बता रही हैं कि डेंगू का लार्वा साफ पानी में होता है इसलिए घरों में साफ पानी के टैंक, टंकी व बर्तन नियमित साफ करते रहे और घरों के आसपास साफ सफाई रखें।
इस समझाइश के बाद भी लोगों के घरों में दोबारा से डेंगू का लार्वा सर्वे टीम को मिलता है तो उन्हें नोटिस देकर जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है। शिवपुरी के जिला मलेरिया अधिकारी लालजी शाक्य ने बताया कि इस समय शिवपुरी में 26 टीमें निरंतर विभिन्न वार्डों में लार्वा विनिष्टीकरण अभियान में लगी हैं जो लोगों के घरों में सर्वे कर रही हैं और लार्वा विनिष्टकरण का काम कर रही हैं। इसके अलावा डेंगू व मलेरिया से बचाव के उपाय लोगों को बताए जा रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ