ग्वालियर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को ग्वालियर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। यहां पार्टी भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ एक मजबूत विकल्प के रूप में जनता के सामने है। जनता हमारे डोर टू डोर कैंपेन के जरिये पार्टी से जुड़ रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी जनता के राज को स्थापित करेगी। प्रेस वार्ता में पार्टी के ग्वालियर जोन प्रभारी और प्रदेश संगठन मंत्री हिमांशु कुलश्रैष्ठ, ग्वालियर पूर्व की विधानसभा प्रत्याशी मनीक्षा सिंह तोमर और ग्वालियर के जिला संयोजक सौमिल शर्मा भी उपस्थित थे।
गोपाल राय ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद मध्य प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस को मौका दिया। कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के बाद देश की तरह मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। किसानों पर अत्याचार हुआ। भुखमरी, कुपोषण, गरीबी जैसी समस्याएं लगातार बढ़ती चली गईं। इससे निराश होकर मध्य प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस को हटाकार भाजपा को सत्ता सौंपी। इसके बाद पिछले 15 सालों में भाजपा ने जिस तरह से किसान, नौजवान, आदिवासी हर आवाज को दबाया। इन हालात में अब पूरा प्रदेश बदलाव चाहता है। बदलाव के लिए जनता के पास दो विकल्प हैं। एक कांग्रेस है, जो भाजपा की तरह ही भ्रष्ट और जनविरोधी है, जिसे प्रदेश के लोगों ने उखाडक़र फेंका था। दूसरा विकल्प दिल्ली का है, जहां आम आदमी पार्टी की सरकार ने विकास का एक अलग मॉडल पेश किया है।
उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल में दिल्ली में स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी के लिए एक क्रांति पैदा हुई है। विकास के हर पैमाने पर काम किया गया है। मध्यप्रदेश में लोग इस विकास के मॉडल में शामिल होना चाहते हैं। आप पार्टी घर घर जा रही है और लोगों के भीतर यह विश्वास जागा है कि प्रदेश भी इस बदलाव में शामिल होगी। प्रदेश में आप पार्टी सत्ता में आकर शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करने के साथ नौजवानों को रोजगार देगी, किसानों की समस्याओं को हल करेगी। आप पार्टी ने अपना शपथ पत्र दिया है और इसके आधार पर हम चुनाव लड़ रहे हैं। यहां दिल्ली के नेता भी लगातार आ रहे हैं। अभी हमारा प्रवास ग्वालियर जोन में है। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के अलग-अलग जगह कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने कहा कि आप ने दिल्ली में व्यवस्था बदलने की जो शुरुआत की है, उसे मध्यप्रदेश में आगे बढ़ाया जाएगा। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने लूट और भ्रष्टाचार की जो व्यवस्था बनाई है, उसके कारण प्रदेश में हर ओर समस्याएं हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान, बिजली, सडक़, पानी जैसे बुनियादी मुद्दों पर मध्य प्रदेश की स्थिति बेहद खराब है। आज आम आदमी इन दोनों ही पार्टियों से त्रस्त हो चुका है और व्यवस्था परिवर्तन के लिए आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहा है।
0 टिप्पणियाँ