15 अतिक्रमण हटाए, अस्पताल के सामने आज से शुरू होगा ऑटो व दो पहिया वाहन स्टैंड
शिवपुरी। नईदुनिया प्रतिनिधि
शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था को सुधारे जाने की पहली ठोस कार्रवाई गुरुवार को अंजाम दी गई। सुबह 11 बजे की वजाय नपा का मदाखलत अमला 2 बजे सड़कों पर उतरा और जिला अस्पताल के सामने 15 अतिक्रमण हटाए। सबसे पहले यहां दुकानदारों को खुद सामान हटाने की चेतावनी दी गई। आधे घंटे का समय देने के बाद जो दुकानदार नहीं मानें उनकी दुकानें नपा के अमले ने जमींदौंज कर दीं और 3 घंटे की कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल के सामने अतिक्रमण हटा दिए गए। जो जगह खाली हुई है उस पर आधे हिस्से में दो पहिया वाहन और बाकी स्थान पर ऑटो स्टैंड बनाया जाएगा जिससे जिला अस्पताल के सामने हर दिन लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी।
आए दिन लगता था जाम, फंसती थीं एंबुलेंस
जिला अस्पताल के सामने दो पहिया वाहन और ऑटो बेतरतीव ढंग से खडे होते थे जिसके नतीजे में यहां रोज जाम के हालात बनते थे। मरीजों को अस्पताल में लाने ले जाने में परेशानी होती थी तो वहीं एंबूलेंस भी कई बार जाम में फस जाती थी। जिसके नतीजे में लोगों को परेशान होना पडता था।
अतिक्रमण हटते ही बडा हिस्सा हुआ खाली
जिला अस्पताल के सामने अतिक्रमण हटने के बाद एक बडा भाग खाली हो गया है। सड़क से करीब 15 फीट और लंबाई में 300 मीटर से ज्यादा जगह खाली हो गई है। इस स्थान पर पार्किंग किए जाने के बाद जाम के हालात नहीं बनेंगे।
आज से अमल में आएगी प्रक्रिया
यातायात प्रभारी रणवीर यादव और सीएमओ केके पटैरिया मौके पर मौजूद थे। उन्होंने ऑटो यूनियन के अध्यक्ष बनवारी धाकरे को मौके पर बुलाया और निर्देश दिए कि शुक्रवार से ही वाहनों की पार्किंग अस्पताल के सामने से हटाए गए अतिक्रमण वाली जगह पर शुरू की जाए। यदि अब भी ऑटो सड़क पर लगे नजर आए तो चालान किए जाएंगे।
कोई बना रहा था चाय, कोई रोटी
जिला अस्पताल के सामने जिस दौरान अतिक्रमण हटाए गए। उनमें ज्यादातर लोग गरीब थे। नपा की हीलाहवाली और अनदेखी के चलते खाली जगह देखकर बीते कुछ सालों से यहां दुकान जमाकर कारोबार कर रहे थे। कोई चाय की दुकान तो कोई रोटी बनाकर आजीविका चलाता था। आज जब दस्ता पहुंचा और दुकानें हटाने के निर्देश दिए तो कोई दुकानदार चाय बना रहा था तो कोई रोटी बना रहा था। इसके अलावा दुकान चलाने वाली कुछ महिलाएं दुकान हटने से आंसू बहाती भी दिखाई दीं। उनका कहना था कि नपा हमें जगह नहीं देती। जब हम खाली जगह देखकर रोजी रोटी कमाने लगते हैं तो हमें चाहे जब हटा दिया जाता है। हालांकि जो अतिक्रमण हटाए गए हैं वह अस्पताल में गंभीर हालात में आने वाले मरीजों के रास्ते के जाम हटाने के नजरिए से महत्वपूर्ण हैं।
कलेक्टर, एसपी उतरे थे सड़कों पर
बीते रोज कलेक्टर अनुग्रहा पी और एसपी राजेशसिंह चंदेल सड़क पर निकले थे और नपा को निर्देश् दिए थे कि यातायात पुलिस के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था बनाएं जिसके बाद नपा ने सुबह अतिक्रमण हटाने की बात कही थी लेकिन अमला नहीं आया तो लगा कि एक बार फिर नपा पीछे हट रही है लेकिन दोपहर में 2 बजे मदाखलत दस्ता प्रभारी पूरन कुशवाह, स्वास्थ्य अधिकारी गोबिंद भार्गव सहित अमला अतिक्रमण हटाने आ गया और देखते ही देखते अतिक्रमण हटा लिए गए।
दो दुकानें अब भी बाकी
जिला अस्पताल के सामने 15 दुकानें तो हटा दी गई लेकिन एक स्टॉल यह कहकर नहीं हटाया गया कि उसके पास स्टे हैं। जबकि सांची दूध पार्लर भी अतिक्रमण हटने के बाद सड़क पर रखा नजर आ रहा है। लोगों का कहना था कि कार्रवाई एक समान होना चाहिए और इन दोनों को भी अन्य दुकानदारों की तरह हटाना चाहिए।
4 साल पहले हटाए फिर जम गए थे
जिला अस्पताल के सामने तत्कालीन कलेक्टर राजीव दुबे ने अतिक्रमण हटवाए थे, तब सड़क 40 फीट चौडी हो गई थी लेकिन अतिक्रमण को रोकने के लिए नपा आगे नहीं आती और शहर भर में अस्थाई अतिक्रमण पैर पसार लेते हैं यहां भी ऐसा ही हुआ। लोगों ने फिर से दुकानें जमा ली थी। इसके नतीजे में हर दिन जाम के हालात रहते थे।
लगातार चलेगी मुहिम सीएमओ
सीएमओ पटैरिया ने कहा कि शहर में जहां भी जाम के हालात बनते हैं। वहां पार्किंग जोन बनाकर अतिक्रमण हटाए जाएंगे। जिला अस्पताल के सामने भी मरीजों को आने में जाम के कारण परेशानी होती थी इसलिए आज अतिक्रमण हटाए हैं। यह कार्रवाई जारी रहेगी। प्रायवेट बस स्टैंड पर चौपाटी विकसित करेंगे और पुराने बस स्टैंड इलाके में भी हॉकर्स जोन बनाया जा रहा है।
जगह साफ हुई आज से पार्किंग
यातायात प्रभारी यादव ने कहा कि नपा ने हमें एक बड़ा हिस्सा खाली कराकर दिया है। सुबह से ही यहां 4 पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे। किसी को भी सड़क पर वाहन रखने की इजाजत नहीं होगी ऑटो और बाइक पंक्ति से लगाए जाएंगे। जो नियम का पालन नहीं करेंगा उसे चालानी कार्रवाई से गुजरना होगा।

0 टिप्पणियाँ