भोपाल. केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कर्जमाफी करने से किसानों की माली स्थिति में सुधार नहीं होगा। कर्जमाफी से किसानों को कोई फायदा नहीं हो रहा है। वहीं, मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा- कांग्रेस अंतर्कलह से ग्रस्त है, निराशा के दौर से गुजर रही है। नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा- कर्नाटक की घटना में भाजपा का कोई हाथ नहीं है। मध्यप्रदेश में ऐसे हालात कभी नहीं थे। ऐसी तो कांग्रेस की सरकारें भी नहीं थीं। भाजपा की सरकार लाख गुना बेहतर काम कर रही थी। बिजली सरप्लस है पर उपभोक्ताओं को नहीं मिल रही है। कर्ज माफी की घोषणा खुद की पर किसानों के खाते में पैसे नहीं पहुंच रहे हैं। गौशाला बनाने की बात भी बातों तक सीमित है। कमलनाथ सरकार का आरोप है कि केन्द्र सरकार भेदभाव कर रही है। उसके हिस्से के 27 सौ करोड़ रुपए की कटौती कर ली गई है। किसी सरकार के साथ भेदभाव या अन्याय का सवाल ही नहीं उठता है। लेकिन केन्द्र सरकार पहले की तरह काम नहीं करती है। अब हर काम का यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट देना होता है, तभी आगे की राशि जारी होती है। हो सकता है मध्यप्रदेश में भी यही मामला हो हमें पता नहीं है।
0 टिप्पणियाँ