भोपाल। सीएए पर जनसमर्थन जुटाने के लिए भाजपा ने घर-घर पहुंचकर लोगों से चर्चा करने का निर्णय लिया है। रविवार को भाजपा प्रदेश के सभी 65 हजार बूथों पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी ने एक दिन में प्रदेश में लगभग दस लाख घरों पर पहुंच कर सीएए का महत्व बताने का टारगेट फिक्स किया है।
इसके लिए भाजपा ने अपने सभी बड़े नेताओं की ड्यूटी लगा दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश ङ्क्षसह भोपाल में जनसंपर्क करेंगे तो वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना में जनसंपर्क करेंगे। भाजपा को केंद्रीय स्तर पर ट्वीटर पर सीएए के समर्थन में चलाए अभियान में मिली सफलता के बाद पार्टी अब रविवार को प्रदेश स्तर पर भी ट्वीटर पर अभियान चलाने जा रही है।
रमन सिंह 7 को पूनम 8 को करेंगे दौरा-
सीएए पर अगले एक सप्ताह में पार्टी के कई बड़े नेता प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर दौरे करके प्रबुद्धजन सम्मेलनों में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 7 जनवरी को धार में तो भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन 8 जनवरी को देवास में सम्मेलन में शामिल होंगी।
वहीं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर 5 जनवरी को मुरैना, राजस्थान के पूर्व मंत्री अरूण चतुर्वेदी 6 को नीमच, 7 जनवरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा शिवपुरी, एवं सांसद रामशंकर कठैरिया रतलाम में, 9 जनवरी को लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन खण्डवा में, 12 जनवरी को केन्द्रीय मंत्री थावरचन्द गेहलोत मंदसौर में प्रबुद्धजन सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री येागी आदित्यनाथ का भोपाल दौरा प्रस्तावित है, लेकिन तारीख अभी तय नहीं हो पाई है।