भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर रसोई गैस (LPG) का परिवहन करने वाली मालगाड़ी के एक कन्टेनर से शनिवार को गैस लीक (Gas Leakage) हो गई। हालांकि कुछ देर में ही इस पर काबू पा लिया गया और हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
दरअसल, भोपाल रेलवे मंडल के प्रवक्ता आईए सिद्दीकी ने बताया कि यह कन्टेनर गाड़ी कोंकण से आकर भोपाल से लगभग 20 किलोमीटर दूर बकानिया में एक तेल कंपनी के गैस बॉटलिंग प्लांट की ओर जा रही थी. जब यह गाड़ी भोपाल स्टेशन पर खड़ी थी, तब इसके एक कन्टेनर से शनिवार सुबह लगभग 11:30 बजे गैस का रिसाव होने लगा। इस पर तुरंत ही काबू पा लिया गया और जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
दमकल नियंत्रण कक्ष ने बताया कि भोपाल स्टेशन पर एलपीजी के एक कन्टेनर से गैस का रिसाव होने पर लगभग पांच दमकल की गाड़ियां स्टेशन पर रवाना की गईं और दमकलकर्मियों ने आधे घंटे के भीतर कन्टेनर से गैस के रिसाव पर काबू पा लिया।

0 टिप्पणियाँ