By: Mahendra Singh soalnki
25 मार्च से बंद बसों का संचालन एक बार फिर से शुरू होने जा रहा है।
भोपाल. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच एक राहत भरी खबर आई है। 25 मार्च से बंद बसों का संचालन एक बार फिर से शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार का कोरोना समीक्षा की बठैक के दौरान कहा कि 20 अगस्त से सभी यात्री बसों को पूरी क्षमता के साथ चलाने की अनुमति होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में 20 अगस्त से सभी यात्री बसों को पूरी क्षमता के साथ चलने की अनुमति होगी, परन्तु मास्क लगाना और सभी सावधानियों का पूरा पालन बस संचालकों को सुनिश्चित करना होगा। मुख्यमंत्री चौहान ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में जल्दी पहचान एवं तुरंत इलाज की रणनीति पर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। सभी कलेक्टर्स अपने जिलों में पर्याप्त टेस्टिंग, इलाज आदि की सर्वोत्तम व्यवस्था करें। प्रभारी अधिकारी प्रभार के जिलों में निरंतर मॉनीटरिंग कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
रोड़ टैक्स की माफ करने की मांग कर रहे हैं बस ऑपरेटर्स
दरअसल, कोरोना संकट की वजह से राजधानी भोपाल समेत प्रदेश में 5 महीने से बसों के पहिए थमे हुए हैं। बस ऑपरेटर्स लगातार सरकार से रोड टैक्स समेत अन्य टैक्स माफ करने की मांग कर रहे थे, इसे लेकर कुछ दिन पहले ही परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और परिवहन आयुक्त मुकेश जैन से मुलाकात की थी। तब परिवहन मंत्री ने बस ऑपरेटर्स को आश्वस्त किया था कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद परिवहन मंत्री ने वित्त विभाग को अपनी रिपोर्ट भेज दी थी।

0 टिप्पणियाँ