भोपाल की करोंद मंडी में मंगलवार को बंद के चलते अनाज और सब्जियों की आवक नहीं हो पाई थी, लेकिन बुधवार को आवक अधिक रही। आठ हजार क्विंटल से अधिक सब्जी और अनाज बिकने पहुंचा। इससे करीब डेढ़ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
मंडी व्यापारी संजीव कुमार जैन ने बताया कि देशव्यापी बंद के आह्वान के बाद भी मंगलवार को करोंद मंडी खुली थी। हालांकि, किसानों की संख्या काफी कम रही थी। आम दिनों की तुलना में आवक 10 फीसद भी नहीं थी, लेकिन बुधवार को किसान अपनी उपज बेचने मंडी में पहुंचे। गेहूं की आवक सबसे अधिक रही। करीब एक हजार क्विंटल गेहूं की आवक रही। किसानों को प्रति क्विंटल भाव 1450 से 1600 रुपये तक मिले। इसके अलावा सोयाबीन की आवक 300 बोरी रही, जो 2500 से 3500 रुपये क्विंटल तक बिका। चना समेत अन्य उपज की आवक भी रही। मंडी में उपज बेचने के लिए किसानों की भीड़ रही।।
छह हजार क्विंटल सब्जियों की आवक
मंडी में अनाज के अलावा सब्जियों की आवक भी रही। करीब छह हजार क्विंटल सब्जियां बिकने आई। सबसे अधिक आलू-प्याज की आवक हुई। सब्जी व्यापारी संघ करोंद मंडी के अध्यक्ष मोहम्मद नसीम ने बताया कि मंगलवार को आवक कम थी, पर बुधवार को बढ़ गई। सब्जियों की बाहर से भी गाड़ियां आईं, जबकि आसपास के जिलों से भी सब्जियां बिकने आई। गुस्र्वार से आवक और भी बढ़ जाएगी, क्योंकि कई किसान प्रदर्शन के चलते बुधवार को भी सब्जियां बेचने नहीं आए थे। बता दें कि इन दिनों मंडी में प्रतिदिन औसत साढ़े आठ हजार क्विंटल तक सब्जियों की आवक हो रही है, किंतु बीते दो दिन से आवक आम दिनों की तुलना में कम रही। गौरतलब है कि अनाज मंडियों के बाद सब्जी मंडी में भी मौसमी सब्जियों की आवक बढ़ी है। सब्जी व्यापारियों द्वारा अंदाजा लगाया जा रहा है कि गुरूवार से मंडी में सब्जियों की आवक बढ़ेगी।

0 टिप्पणियाँ