Music

BRACKING

Loading...

संत हिरदाराम नगर में बढ़ीं वाहन चोरियां, सीसीटीवी फुटेज के बावजूद पुलिस चोरों तक पहुंचने में नाकाम



भोपाल, बैरागढ़ थाना क्षेत्र में लगातार वाहन चोरी हो रहे हैं। ऐसा लगता है यहां पर कोई वाहन चोर गिरोह सक्रिय है, जो केवल दुपहिया वाहनों को ही चुराता है। हाल के दिनों में कई वाहन चोरी हुए हैं। इनमें से कई वाहन चोर के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस चोरों को गिरफ्तार नहीं कर पा रही है।

इस साल के शुरुआत में भी कई वाहन चोरी हुए थे। इनमें से कुछ वाहनों को पुलिस ने जप्त भी कर लिया था। उसके बाद वाहन चोरी पर लगाम लग गई थी। लेकिन पिछले 15 दिनों से लगातार वाहन चोरी हो रहे हैं। सीआरपी कॉलोनी, कृष्णा प्लाजा, बस स्टैंड के आसपास सहित आवासीय इलाकों में लगातार वाहन चोरी हो रहे हैं। जिन लोगों के वाहन चोरी हुए, उनमें से अधिकांश ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए हैं। इसके बावजूद पुलिस वाहन चोरों तक नहीं पहुंच पा रही है। वाहन चोरों को एक्टिवा और मिलते जुलते गियरलेस वाहन ज्यादा पसंद हैं।

किशोरवय युवा कर रहे वारदात

जिन लोगों के वाहन चोरी हुए हैं, उनके अनुसार सीसीटीवी फुटेज में चोरों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। इनमें से अधिकांश किशोर आयुवर्ग के हैं। पुलिस के मुताबिक चोरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। कुछ मामलों में यह बात भी सामने आई है कि वाहन चुराने वाले छोटी आयु के असामाजिक तत्व हैं, जो मौज-मस्ती के लिए वाहन चुराते हैं। पेट्रोल खत्म होते ही उसे सुनसान जगह खड़ा कर चले जाते हैं। पुलिस ने कुछ ऐसे वाहन भी जब्त किए हैं, जो सुनसान जगह पर खड़े थे। लगातार चोरियां होने से नागरिकों को चिंता होने लगी है। नागरिकों का कहना है कि आवासीय इलाकों में दिन के समय में भी गश्त की जानी चाहिए, ताकि चोरियों पर अंकुश लग सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ