ग्वालियर - ग्वालियर के एक थानेदार को उनकी पत्नी ने एक फ्लैट में प्रेमिका के साथ रंगे-हाथों पकड़ लिया। वह दो महीने से उनकी जासूसी करा रही थी। करीब दो महीने बाद पत्नी को सटीक सूचना मिली कि वह ग्वालियर के मुरार में एक फ्लैट में अपनी प्रेमिका के साथ हैं।
इसके बाद पत्नी ने भी पुलिस के अंदाज में अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर थानेदार की घेराबंदी की और अचानक दबिश दे दी। थानेदार उसी तरह पकड़े गए जैसे वह किसी अपराधी को पकड़ा करते थे। महिला का कहना है कि पुलिस वाले की पत्नी होने के नाते इतना तरीका तो उन्हें भी आता है।
मीटिंग की कहकर निकले थे, पर मेरी सूचना सही निकली
सब इंस्पेक्टर सुनील की पत्नी कंचन बानोरिया ने कहा कि उनके पति का किसी महिला के अफेयर का उन्हें दो महीने पहले पता लगा था। तभी से वह अपने भाई, रिश्तेदारों की मदद से नजर रख रही थीं। पल-पल की खबर व व्यवहार पर नजर रखी थी। गुरुवार को यह मीटिंग में जाने की कहकर निकले थे।
उसके बाद इनके पीछे किसी को लगाया गया। पुलिस लाइन से उस लड़की को साथ में लिया। पहले एक साथी में छोड़ा। यह भी अपने कुछ दोस्तों के पास मिलने चले गए। रात को युवती को लेकर फ्लैट पर पहुंचे। हमें सूचना मिल चुकी थी, लोकेशन भी आ गई थी। इसके बाद अपने भाई, पिता व रिश्तेदारों को एकजुट कर उन्हें उस लड़की के साथ रंगे हाथ पकड़ा है।
अभी परिवार की सहमति पर माफ कर दिया है
इस मामले में कंचन का कहना है कि अभी परिवार की सहमति से यह मामला शांत हो गया है। उन्होंने वादा किया है कि वह आगे से ऐसा नहीं करेंगे। इसलिए माफ कर दिया है, लेकिन जरा भी उस तरह गए तो मैं शांत नहीं रहूंगी।
यह है पूरी घटना
मुरैना के सबलगढ़ स्थित रामपुरा थाना के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुनील बानोरिया गुरुवार को पुलिस लाइन की एक महिला आरक्षक को लेकर ग्वालियर के मुरार थाना स्थित महालक्ष्मी अपार्टमेंट के फ्लैट में ठहरे थे। शुक्रवार सुबह पत्नी ने अपने रिश्तेदारों के साथ दबिश दे दी। पति कमरे में और महिला आरक्षक बाथरूम में छुपी मिली है। इसके बाद थानेदार की पत्नी ने पुलिस को कॉल कर बुलाया। काफी देर तक थाना पर हंगामा चला। आखिर में पति की कोई शिकायत न करते हुए वापस चले गए हैं।

0 टिप्पणियाँ