Music

BRACKING

Loading...

फिर बढ़ी सख्ती:शादी समारोह में 100, मृत्युभोज में 50 और शवयात्रा में 20 लोग ही हो सकेंगे शामिल

 


  • मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई बंद, समूह में होली खेलने पर रोक
  • स्वीमिंग पूल, जिम, सिनेमाघर बंद रहेंगे, रेस्टोरेंट में बैठकर खाने पर प्रतिबंध, पैक कराकर ले जा सकेंगे
  • मेरी होली मेरे घर का आह्वान... हुडदंग करते समूह में मिले तो हवालात में मनेगी होली

जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। अब शादी समारोह में 100, मृत्युभोज में 50 और शवयात्रा में 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे। यह फैसला शुक्रवार को संकट प्रबंधन समूह की बैठक में लिया गया। कलेक्टोरेट में आयोजित बैठक में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि जहां पर कोविड के 20 से अधिक केस निकल रहे हैं, वहां खतरा अधिक है। इस पर समिति के सदस्यों ने कहा कि हम भी केस का इंतजार क्यों करें। 20 केस आने से पहले ही ऐसी कोशिश करें कि लॉकडाउन न लगाना पड़े।

इसके लिए जो गाइडलाइन 20 केस वाले जिलों के लिए है, उसे ही शिवपुरी में भी लागू करें। इसके बाद शादी समारोह, मृत्युभोज और शवयात्रा में लोगों के शामिल होने की सीमा तय करने का फैसला लिया गया। बैठक में मेरी होली-मेरे घर अभियान के तहत होली घर पर मनाने का ही आह्वान भी किया गया। बैठक में तय किया गया कि होली के दिन यदि दो पहिया वाहन पर 3 सवारी बैठाकर कोई भी बाजार में निकला तो चालान काटा जाएगा। होली खेलने के लिए समूह में निकलकर हुड़दंग किया तो सीधे हवालात में डाल दिया जाएगा।

बैठक में परिवहन समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि खुलेतौर पर होली मनाने की छूट दी गई तो कोरोना संक्रमण बढ़ सकता है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि किसी भी कीमत पर लोग होली मनाने घर से बाहर न निकलें। घर में ही होली मनाएं। ऐसा करने से खुद भी संक्रमण से बचेंगे और दूसरों को भी राहत देंगे। वहीं एसडीओपी सुधीर कुशवाह ने कहा कि पुलिस भी इस बार होली पर ज्यादा सख्ती रखेगी। तीन सवारी वाले बाइक सवारों के चालान काटे जाएंगे। छेड़खानी या हुड़दंग करने वालों को पकड़कर हवालात में डाल दिया जाएगा।

कपड़े की दुकान में ग्राहकों की भीड़ मिली तो 2 हजार रुपए चालान किया: कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल शुक्रवार की शाम 7.30 बजे शहर के न्यू ब्लॉक चौराहे से निकले तो यहां पिक एंड पैक्ड नाम से संचालित कपड़े की दुकान में ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। कलेक्टर ने गाड़ी रुकवा दी और दुकान में जाकर ग्राहकों को बाहर निकलवाया और शटर डलवा दी। सोशल डिस्टेंस नहीं होने पर 2 हजार रुपए का चालान भी काटा। कलेक्टर ने हिदायत दी कि यदि नहीं सुधरे तो आगे सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि आज दुकान बंद रखना होगी। अब शनिवार को ही दुकान खोल सकेंगे। इसके अलावा मास्क नहीं पहनने पर डोसा बेच रहे दुकानदार धर्मेंद्र का 500 रुपए का चालान काटा गया।

छह नए कोरोना मरीज, मार्च में अब तक 85 संक्रमित

मेडिकल कॉलेज शिवपुरी की 136 और रेपिड एंटीजन किट की 72 सैंपल टेस्ट रिपोर्ट में शुक्रवार को 6 पॉजिटव आई हैं। इसी के साथ मार्च महीने में कोरोना के 85 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि फरवरी महीने में सिर्फ 12 नए मरीज सामने आए थे। मेडिकल कॉलेज की लिस्ट में कोरोना के 5 नए मरीज सामने हैं और 1 पॉजिटिव केस रेपिड एंटीजन किट से खनियांधाना का शामिल है। इसी के साथ जिले में कुए छह नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। जिले में अब एक्टिव केस 51 हो गए हैं। जिले में अब तक कुल 4 हजार 23 कोरोना मरीज हो चुके हैं जिनमें 3942 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

  • स्वीमिंग पूल, जिम, सिनेमा घर बंद रहेंगे। रेस्टोरेंट में खाना प्रतिबंधित रहेगा। खाना पैक करके दिया जा सकेगा।
  • आगामी आदेश तक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई स्थगित रहेगी।
  • जिले में सप्ताह में एक दिन बाजार बंद करने से संबंधित प्रस्ताव भी राज्य शासन को भेजा गया है।
  • होली पर डीजे का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। डीजे का उपयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ