Music

BRACKING

Loading...

किसान कर्ज माफी को लेकर विधानसभा में हंगामा


भोपाल
 - बजट सत्र के दौरान किसानों की कर्ज माफी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कर्जमाफी को लेकर सवाल किया था कि कमलनाथ सरकार के दौरान 27 लाख किसानों की कर्ज माफी की गई थी। शेष किसानों की कर्ज माफी कब तक होगी? इसका जवाब कृषि मंत्री कमल पटेल को देना था। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार और राहुल गांधी झूठ बोलते हैं। कमलनाथ सरकार ने किसानों को धोखा दिया हैl

इस पर कांग्रेसी विधायक भड़क गए और कहने लगे कि शिवराज सरकार किसान विरोधी है। वह किसानों का कर्ज माफ नहीं करना चाहती है, इसलिए कृषि मंत्री सदन में जवाब नहीं दे रहे हैं। इतना सुनते ही कमल पटेल के बचाव में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कर्ज माफी को लेकर कमलनाथ सरकार पर किसानों को धोखा देने के आरोप लगाए।

सदन में हंगामा बढ़ गया तो अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदन की कार्यवाही को 5 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। कार्यवाही फिर शुरू हुई तब डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि सरकार सिर्फ इतना बताए कि किसानों की कर्ज माफी होगी या नहीं? इसका जवाब कृषि मंत्री कमल पटेल देते उसके पहले ही नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर आरोप लगाना शुरू कर दियाl

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार विधानसभा में यह स्वीकार कर चुकी है कि मध्य प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्जा कमलनाथ सरकार ने माफ किया था। अब सरकार यह क्यों नहीं बता रही कि शेष किसानों का कर्ज कब माफ किया जाएगा। हंगामे के बाद कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे पर वाॅकआउट कर दिया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ