शिवपुरी - राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान हैदराबाद द्वारा 45 दिवसीय निशुल्क रहवासीय एग्री क्लीनिक एण्ड एग्रीबिजनेस सेंटर हेतु व्यवसायिक प्रशिक्षण भोपाल में आयोजित किया जायेगा। प्रशिक्षण हेतु हितग्राहियों का चयन दिनांक 15 अप्रैल 2021 को भोपाल में आयोजित साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा।
सेडमैप-मैनेज एन.टी.आई के नोडल अधिकारी श्री शरद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण पश्चात् आवेदकों को खाद्य प्रसंस्करण, दुग्ध उत्पादन, एग्री क्लीनिक, कस्टम हायरिंग, पॉली हाउस, पशुपालन, पोल्ट्री सहित 32 चिन्हित गतिविधियों हेतु अधिकतम 20 लाख रुपये ऋण एवं नियमानुसार 36 से 44 प्रतिशत तक अनुदान की पात्रता रहेगी। आवेदन हेतु न्यूनतम पात्रता कृषि विषय में 55 प्रतिशत अंको से हायर सेकन्डरी है, बी.एस.सी (वनस्पति विज्ञान/प्राणी विज्ञान/रसायन विज्ञान) भी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदक मैनेज हैदराबाद की वेबसाईट में सीधे आवेदन कर सकते हैं अथवा मोबाईल नंबर 9893663843 से अनुमति प्राप्त कर साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। आवेदकों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा समय-समय पर जारी कोरोना प्रोटोकॉल एवं दिशानिर्देशों का पालन करना होगा तथा अनुमति पश्चात ही साक्षात्कार में सम्मिलित किया जायेगा। विस्तृत जानकारी हेतु नोडल अधिकारी, उद्यमिता विकास केन्द्र मध्यप्रदेश (सेडमैप) 16-ए अरेरा हिल्स भोपाल से कार्यालयीन समय प्रातः 10ः30 से शाम 05ः30 तक संपर्क कर सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ