- . ब्लैक फंगस के बाद अब व्हाइट फंगस ने दी दस्तक
- . बढ़ता खौफ : शहर में ब्लैक फंगस के शिकार चार मरीजों की मौत
जेएएच में शनिवार को ब्लैक फंगस का शिकार होने की शिकायत लेकर पहुंचा युवक व्हाइट फंगस का भी शिकार निकला। शहर में यह पहला ऐसा मामला है, जब एक ही मरीज में दोनों तरह के फंगस पाए गए हैं। डबरा के रहने वाले इस युवक का नाम दीपक (25) है। जेएएच के ईएनटी विभाग के अध्यक्ष डॉ. वीपी नार्वे और उनकी टीम ने दोनों फंगस का ऑपरेशन कर साइनस से निकाल दिया। उसे कुछ समय पहले कोरोना हुआ था। कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद उसकी आंखों में सूजन और दर्द रहने लगा।
डॉक्टर को दिखाया तोे ब्लैक फंगस की आशंका जताई गई। ब्लैक फंगस के ऑपरेशन के दौरान ही पता चला कि उसे व्हाइट फंगस की समस्या भी है। उधर जेएएच में शनिवार को इलाज के दौरान ब्लैक फंगस के शिकार चार लोगों ने दम तोड़ दिया। इन्हें मिलाकर यहां ब्वैक फंगस से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। मरने वालों में लाला सिंह दतिया, चेतन ग्वालियर, श्रीराम ललितपुर और रनजू निमाडी शामिल हैं।
इससे पहले रमा शर्मा की मौत हो चुकी है। जिले में ब्लैक फंगस के शिकार मरीजों की संख्या 70 पर पहुंच गई है। इनमें 34 के ऑपरेशन हुए हैं। 8 मरीजों की आंख निकालनी पड़ी है। जीआरएमसी के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. संजय धवले के मुताबिक अनियंत्रित डायबिटीज, कैंसर, किडनी के रोगी और अंग प्रत्यारोपण करा चुके लोगों में व्हाइट फंगस के संक्रमण की ज्यादा संभावना रहती है। यह शरीर के किसी भी अंग में हो सकता है।
एक्सपर्ट व्यू; डॉ. दीपक चौपड़ा, वरिष्ठ चेस्ट फिजीशियन
ब्लैक और व्हाइट दोनों फंगस हैं घातक लेकिन समय रहते पता चल जाए तो रोगी हो सकता है ठीक
^ब्लैक फंगस को म्यूकरमायकोसिस कहते हैं और व्हाइट फंगस को कैंडिडा कहते हैं। ब्लैक और व्हाइट फंगस उन लोगों को होता है जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। दोनों बीमारियां घातक हैं। अगर समय रहते इसका पता चल जाए तो ये ठीक हो सकती हैं। कोरोना के साथ इन बीमारियों के भी केस बढ़े हैं। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण शुगर का बढ़ना, देखने में आ रहा है। इससे बचना है तो कोरोना के रोगियों को सुबह और शाम अपनी शुगर चैक करनी चाहिए। डायबिटीज का लेवल 200 से नीचे रखने के साथ ही अनावश्यक एंटीबायोटिक के सेवन से भी बचना चाहिए।
कोरोना से 13 की मौत, 110 नए संक्रमित
कोरोना संक्रमण से शनिवार को 13 लोगों की मौत हुई है। इसमें 9 मरीज ग्वालियर के हैं। इन 8 मरीजाें को मिलाकर जिले कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 1,145 पहुंच गई है। उधर 110 नए संक्रमित मिले हैं। इन्हें मिलाकर संक्रमितों की संख्या 53,764 पर पहुंची गई है। ।

0 टिप्पणियाँ