Music

BRACKING

Loading...

यशोधरा ने कहा- बहुत कमा रहे हैं रेत ठेकेदार, इनसे तो मोटा पैसा सीएम राहत कोष में लेना चाहिए

 


भोपाल रेत कारोबारियों के दबाव में राज्य सरकार उन्हें राहत देने का प्रस्ताव लेकर कैबिनेट में तो गई, लेकिन उसका मंत्रियों ने ही विरोध कर दिया है। हालांकि इसके बाद भी राहत मंजूर हो गई। चर्चा की शुरुआत होते ही खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि रेत कारोबारियों को राहत की क्या जरूरत, वे तो बहुत पैसा कमा रहे हैं।

उनसे से सीएम रिलीफ फंड में मोटा पैसा लेना चाहिए। इस पर खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि छूट नहीं दे रहे कुछ वक्त दे रहे हैं। राहत देने के पीछे सरकार ने तर्क दिया कि कोरोना महामारी से अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। बाजार में रेत की मांग भी उतनी नहीं है, जितनी की नीलामी के समय संभावना थी। लिहाजा राहत दे दी जाए। गृहमंत्री एवं सरकार के प्रवक्ता डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने कैबिनेट में हुए फैसलों के बारे में बताया कि रेत ठेकेदारों को राहत देने के प्रस्ताव में बीच का रास्ता निकाला गया है।

रेत ठेकेदारों से बकाया वसूली का काम भी होना चाहिए

कई जगह अवैध रेत खनन हो रहा है। रायसेन में ही ठेकेदार की लीज चार माह तक रिन्यू नहीं की गई। इसका फायदा सीहोर के ठेकेदार ने उठाया। - कमल पटेल, कृषि मंत्री

राजस्थान से डंपर आ रहे हैं। ये 50 से 70 टन के होते हैं। ओवरलोड पर कंट्रोल होना चाहिए। सड़कें खराब होती हैं। -ओमप्रकाश सकलेचा, एमएसएमई मंत्री

अपनी रेत भी तो यूपी जा रही है। इतना ओवर लोड है कि उत्तरप्रदेश के बार्डर पर जाते ही दो ट्रकों में रेत ट्रांसफर होती है। वहीं सख्त चैकिंग व्यवस्था है। - अरविंद सिंह भदौरिया, सहकारिता मंत्री

छतरपुर वाले ठेकेदार ने तो एक भी किश्त जमा नहीं की। करोड़ों रुपए का बकाया है। यह राशि वसूलने पर भी काम करना होगा। - गोपाल भार्गव, पीडब्ल्यूडी मंत्री

रेत ठेकेदारों को जुलाई में 10% बढ़ाकर पैसा नहीं देना पड़ेगा

  • मई से सितंबर तक की मासिक राॅयल्टी की राशि 50% देनी होगी। बाकी पैसा 2022 में तीन महीने की किस्तों में लिया जाएगा। लेकिन 50% पैसा पहले दिन ही देना होगा।
  • यदि कोई ठेकेदार मई 2021 में जमा किए पैसे की तुलना में पूर्व में उपलब्ध रेत के स्टॉक को अधिक बेचता है, उसका पैसा उसे जून के पहले दिन को ही जमा करना होगा।
  • जिन रेत समूहों के ठेके 30 जून 2023 तक हैं, उनसे बकाया पैसा 1 अप्रैल 2022 से तिमाही किस्त में पांच किस्तों में लेंगे।
  • एक जुलाई को ठेके में 10% की वृद्धि होती है। इस बार वृद्धि तो होगी, पर इसका नगद पैसा ठेकेदारों को नहीं देना पड़ेगा। जब भी उनकी ठेका अवधि समाप्त होगी, उसके बाद 10% वृद्धि के हिसाब से ठेके में वृद्धि करेंगे

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ