Music

BRACKING

Loading...

बीच सड़क एंबुलेंस से मरीज को उतारा, मौत:शिवपुरी में विवाद पर ड्राइवर की मनमानी; पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया तब तक तोड़ दिया दम

25 दिन की बेटी भी साथ थी, स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना



मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एंबुलेंस ड्राइवर ने टीबी के मरीज और उसकी पत्नी को बीच सड़क पर ही उतार दिया। मरीज फोरलेन पर तड़पता रहा। पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल ले गई, लेकिन मरीज ने तब तक दम तोड़ दिया। लापरवाह एंबुलेंस चालक की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मरीज को ग्वालियर से शिवपुरी लाया जा रहा था। इस दौरान मरीज के साथ उसकी महज 25 दिन की बेटी भी साथ थी। रास्ते में मामूली बात पर विवाद हुआ और एंबुलेंस ड्राइवर उनहें बीच सड़क पर छोड़कर भाग गया।

मरीज के रोने पर हुई कहासुनी
पत्नी रचना ने बताया कि बीमार नीरेंद्र जाटव ने ग्वालियर से शिवपुरी के शहपुरा आने के लिए 2 हजार रुपए में एंबुलेंस की। रास्ते में परेशान नीरेंद्र रोने लगा था। इसी बात को लेकर उसकी ड्राइवर की कुछ कहासुनी हो गई। इसी वजह से चालक उन्हें सड़क पर ही छोड़कर चला गया। नीरेंद्र फोरलेन पर ही काफी देर तक पड़ा रहा। उसकी अचानक से हालत बिगड़ी और वह तड़पते हुए अचेत हो गया। घटना शनिवार की बताई जा रही है। रविवार को इसका वीडियो सामने आया।


पुलिस अस्पताल लेकर पहुची और हो गई मौत
घटना की सूचना मिलने पर सुभाषपुरा थाना प्रभारी मनीष जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो नीरेंद्र मरणासन्न अवस्था में था। पुलिस नीरेंद्र को लेकर सतनवाड़ा अस्पताल आई, जहां पर उसका प्राथमिक इलाज हुआ। फिर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया। यहां पर लाते-लाते नीरेंद्र की मौत हो गई।

SP राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कोई युवक अपनी पत्नी से मारपीट कर रहा है। वह अपनी बच्ची को भी मार रहा है। राहगीरों ने छुड़ाया था। पत्नी ने पुलिस को एंबुलेंस के छोड़ने की बात कही है। अज्ञात एंबुलेंस चालक की भी तलाश की जा रही है।

एक साल पहले हुई शादी
नीरेंद्र पुत्र मंगलसिंह जाटव (25) निवासी इंदार, शिवपुरी की शादी एक साल पहले रचना जाटव से हुई थी। इनकी 25 दिन की बेटी भी इस घटनाक्रम के दौरान साथ थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ