कलेक्टर ने की अंकुर अभियान की समीक्षा और अधिकारियों को दिए निर्देश
शिवपुरी, 03 जुलाई 2021/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में अंकुर अभियान की शुरुआत की गई। हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक अभिनव पहल है। पूरे प्रदेश के साथ ही जिले में भी अंकुर अभियान चलाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने कहा है कि यह हमारे पर्यावरण के लिए जरूरी है कि हम वृक्षारोपण करें। वृक्ष हमें प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं इसलिए वृक्षारोपण जरूरी है। सभी वृक्ष लगाएं और अंकुर अभियान में सहभागी बने।
अंकुर अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने समीक्षा करते हुए निर्देश दिए हैं कि कार्ययोजना के अनुसार अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संस्थाएं और गैर सरकारी संगठन एनजीओ को भी जोड़ा जाएगा। अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन करते हुए निर्देश दिए कि बड़े पौधे लगाए जाएं जिससे कि वह विकसित होंगे। जिले में विद्यालयों, महाविद्यालय, सोसाइटी, वेयरहाउस, खेल मैदान, बैंक, थाना परिसर, शासकीय कार्यालय, मुक्तिधाम, धार्मिक स्थल, सीआरपीएफ कैंपस, आइटीबीपी करेरा कैंपस, कृषि उपज मंडी, कृषि विज्ञान केंद्र आदि स्थानों पर वृक्षारोपण कर वहद अभियान चलाया जाएगा।
अंकुर अभियान से जुड़ने के लिए वायुदूत ऐप डाउनलोड करना है। एक पौधा लगाना है और उसका फोटो ऐप पर अपलोड करना है। उस पौधे की निगरानी करना है और एक माह बाद पोषित पौधे का फोटो अपलोड करना है।कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने सभी को इस अभियान से जुड़ने की अपेक्षा करते हुए कहा कि यह एक जन अभियान बनना चाहिए क्योंकि वृक्ष हमारे पर्यावरण के लिए बहुत जरूरी है।
0 टिप्पणियाँ