पचावली गांव में सिंध नदी में चांदी के पुराने सिक्कों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, बल तैनात

सिंध नदी में सिक्के ढूंढते ग्रामीण (इनसेट में) 18वीं सदी के सिक्के।
सिंध नदी में पचावली गांव के पास रानी विक्टोरिया छाप चांदी के 280 साल पुराने सिक्के बह कर आ गए। इन सिक्कों की खबर लगते ही ग्रामीणों में लूटमार मच गई। ग्रामीण नदी में गोते लगाकर सिक्के ढूंढ़ते नजर आए। करीब छह घंटे बाद पुलिस को मामले की खबर लगी। मौके पर पहुंचने पर लोग गायब हो गए। बहती नदी में उतरकर ग्रामीणों को जान खतरे में डालते देख पुलिस तैनात करनी पड़ी है।
जानकारी के अनुसार पचावली गांव में गोपाल दांगी का सिंध नदी के घाट किनारे पुराना घर है, जिसकी पिछली दीवार बाढ़ में ढह गई। बताया जा रहा है कि गांव के चार-पांच युवक घर का सामान उठाने के लिए नदी में उतर गए। घटना सुबह 6 बजे की बताई जा रही है।
नदी में युवकों को चांदी के सिक्के मिलने लगे। यह खबर पूरे गांव मे आग की तरह फैल गई और लोग सिक्के लूटने के लिए नदी में गाेते लगाते नजर आए। ऐसे में सैलाव आ जाता तो इन लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। सूचना मिलने पर रन्नौद थाना पुलिस रविवार की दोपहर 12 बजे पचावली पहुंच गई और लोग भाग गए।
ईस्ट इंडिया कंपनी व रानी विक्टोरिया की छाप सभी सिक्के 18वीं सदी के हैं: ग्रामीणों को सिक्के मिले हैं, उनके फोटो सामने आए हैं। चांदी के यह सिक्के 18वीं सदी के हैं। ईस्ट इंडिया कंपनी के सिक्कों पर सन 1840 दर्ज है और रानी विक्टोरिया छाप वाले सिक्कों पर सन 1862 दर्ज है। यह सिक्के 280 साल पुराने हैं। चांदी के इतने पुराने सिक्कों की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई है।
एक युवक के हाथ मटका लगा, आपस में बांटा, गायब
ग्रामीणों के अनुसार हरदल केवट पुत्र हितुआ केवट के हाथ काले रंग का मिट्टी का मटका लग गया। संभवत: सिक्कों से भरा यह मटका बाढ़ में डूबे किसी घर अथवा नदी किनारे गड़ी मिट्टी ढहने से बहकर आया होगा। इस मटके में भरे 18वीं सदी के चांदी के सिक्कों को चार-पांच लोगों ने अापस में बांट लिया।
पुलिस आने का पता चला तो युवक गायब हुआ, मकान मालिक ने शिकायत की: सिक्के सुबह 6 बजे मिलने की बात सामने आ रही है। पुलिस दोपहर 12 बजे आई और इस बात का पता चला तो हरदल केवट घर छोड़कर चला गया है। पुलिस पूछताछ करने घर भी गई थी, पिता ने बताया कि बेटा कहीं चला गया है। नदी किनारे मकान ढहने के बाद सिक्के लूटने को लेकर गोपाल दांगी ने पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस जवान तैनात किया
सिक्कों के बारे में सूचना मिलते ही पचावली पहुंचे, तब तक लोग जा चुके थे। संबंधित लोगों से पूछताछ की है। सिक्कों के लिए ग्रामीण सिंध नदी में उतरकर जान जोखिम में डाल रहे थे, इसलिए पुलिस जवान तैनात कर दिया है।
अंशुल गुप्ता, थाना प्रभारी, पुलिस थाना रन्नौद
0 टिप्पणियाँ