शिवपुरी शहर के राठौर मोहल्ले में रहने वाले चाय वाले की मंगलवार की रात किसी ने सब्जी वाले चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या से शहर में दहशत फैल गई है। चाय की स्टॉल बंद करके जगदीश शर्मा अपने घर लौटा था। सीढ़ियां चढ़ते वक्त पीछे से आए बदमाश ने चाकू से गला रेत दिया और चार-पांच वार सिर पर हमला भी किया। खून ज्यादा बह जाने से जगदीश ने दम तोड़ दिया। हमले में सब्जी वाले चाकू का इस्तेमाल हुआ है, जो दो टुकड़ों में पुलिस ने बरामद किया है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जगदीश उर्फ मामा (45) पुत्र काशीराम शर्मा निवासी गर्ल्स स्कूल के सामने पांडेय बिल्डिंग राठौर मोहल्ला शिवपुरी की गला रेतकर किसी ने हत्या कर दी। मृतक जगदीश शर्मा की शहर के न्यू ब्लॉक पर गोलंबर के पास चाय की स्टॉल है। बताया जा रहा है कि स्टॉल बंद करके जगदीश हाथ में दूध की थैली लेकर घर रवाना हुआ। तीसरी मंजिल पर किराए के कमरे में जाने के लिए पहली मंजिल की सीढ़ियां चढ़ने के बाद दूसरी मंजिल की सीढ़ियां चढ़ रहा था, तभी पीछे से किसी ने बायं तरफ चाकू से गला रेत दिया।
चाकू से सिर पर हमला भी किया है, जिससे कान, कान के पीछे, माथे सहित पांच जगह चोट के निशान हैं। पुलिस ने सीढ़ियां से सब्जी वाले चाकू का एक टुकड़ा बरामद किया, दूसरा टुकड़ा कॉम्पलेक्स की पीछे वाली गली से बरामद किया है। अनुमान है कि किसी ने रंजिशन घात लगाकर हमला किया है और अंधेरा का फायदा उठाकर हमला कर जगदीश की हत्या कर दी। हत्यारे के कॉम्पलेक्स के पीछे से भागने का अनुमान है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हत्या की पहचान हो सके।
जगदीश शर्मा की हत्या मंगलवार की रात करीब 9 से 9:15 बजे के बीच होना बताई जा रही है। हत्या की सूचना पर कोतवाली टीआई बादाम सिंह याद, एसडीओपी अजय भार्गव, एडिशन एसपी प्रवीण भूरिया और फिर एसपी राजेश सिंह चंदेल भी मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल पर एफएसएल प्रभारी आरएस बालौदिया को बुलवाया लिया था। हत्या के केस में पुलिस पूरे दिन हर एंगल से काम करती रही। सीसीटीवी फुटेज भी निकाली जा रहीं हैं। लेकिन देर रात हत्यारे का सुराग नहीं लग सका है।
पत्नी बोली- आवाज सुनी तो खून से लथपथ थे पति
पत्नी मुन्नी बाई ने बताया कि पति की आवाज सुनकर बाहर आई तो पति खून से लथपथ पड़े थे। पास रहने वाले युवक को बुलाकर बाइक से जिला अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल में जगदीश की मौत हो गई। डॉक्टर के मुताबिक खून अधिक बह जाने की वजह से जान चली गई। गले पर चाकू से हमले बाद जगदीश का खून अधिक बह जाने से सीढ़ियां व गैलरी खून से सन गई। जगदीश जो दूध की थैली लेकर आया था, वह दूध भी हमले के वक्त फैल गया। पुलिस ने छानबीन की तो जेब में पैसे व मोबाइल सुरक्षित मिला है।
जगदीश मूलत: मुरैना का रहने वाला था, चाय के स्टॉल से होती थी गुजरबसर
मृतक जगदीश मूलत: मुरैना जिले के बडोखर गांव का रहने वाला है। कई साल पहले परिवार सहित शिवपुरी आकर रहने लगा। यहां चाय की स्टॉल लगाकर गुजर बसर करने लगा। 15 साल से उसी बिल्डिंग में किराए से रह रहा था। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मृतक के शरीर में सवारी आने की बात भी कही जा रही है, जिससे भूत-बाधाओं व झाड़फूंक से भी जोड़कर मामला देखा जा रहा है। हत्या किसने की और क्यों की, अब तक इस संबंध में पुलिस कोई भी सुराग नहीं लगा सकी है।

0 टिप्पणियाँ