अतिवृष्टि के बाद शिवपुरी शहर में अब सिंध का गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। दो दिन से गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान हैं। यह पानी इतना गंदा है कि पीना तो दूर, यह नहाने और कपड़े धोने लायक भी नहीं है। नलों में गंदा पानी आने से शिवपुरी शहर में पीने के पानी का संकट गहरा गया है। गंदा पानी आने से लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है। लोग नगर पालिका के अधिकारियों से भी शिकायतें कर रहे हैं।
शिवपुरी शहर में मड़ीखेड़ा बांध से पीने के पानी की सप्लाई होती है। रविवार और सोमवार को लगातार दो दिन नलों में गंदा पानी घराें में पहुंचा। गणेश कॉलोनी, सईसपुरा, श्रीविहार कॉलोनी, संजय कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, मंगल मसाले वाली गली, फतेहपुर, मनियर सहित लगभग अधिकांश जगहों से गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायतें मिल रहीं हैं। यह पानी बिल्कुल भी पीने लायक नहीं है।
लोगों का कहना है कि पानी इतना अधिक गंदा है कि इसे नहाने और कपड़े धोने में भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग खराब पानी की फोटो शेयर कर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इस खराब पानी को लेकर नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि मड़ीखेड़ा बांध में बाढ़ का गंदा पानी अधिक मात्रा में आ गया है। यही पानी फिल्टर प्लांट के जरिए शिवपुरी शहर में सप्लाई हो गया है।
समस्या : इंटेकवेल से अधिक गंदा पानी आया, फिल्टर प्लांट के फिल्टर तक जाम हुए
मड़ीखेड़ा बांध स्थित इंटेकवेल से सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट तक बहुत ज्यादा गंदा पानी आ गया। इस कारण प्लांट के फिल्टर तक जाम हो गए। फिल्टर प्लांट पर फिल्टर साफ कराने पड़े। कर्मचारी ध्यान नहीं दे पाए और शिवपुरी शहर में गंदे पानी से टंकियां भर दीं और नलों में यही गंदा पानी पहुंचने लगा है।
समाधान : फिल्टर प्लांट पर मटमैला पानी साफ करने एलम की मात्रा ढाई गुना बढ़ाई
शिवपुरी शहर में हर दिन 20 से 25 एमएलडी पानी की सप्लाई दी जा रही है। सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट पर सामान्य रूप से हर दिन 90 से 100 किग्रा एलम का इस्तेमाल होता है। लेकिन पानी बहुत ज्यादा गंदा आने से एलम की मात्रा ढाई गुना तक बढ़ा दी है। मंगलवार को साफ पानी से टंकियां भरे जाने की उम्मीद है।
लोगों में गुस्सा, बोले- जनता यह पानी पी ले तो हॉस्पिटल जाना तय
दर्पण कॉलोनी निवासी दीपक सिंह ने गंदे पानी की फोटो भेजकर कहा कि पब्लिक यह पानी पी ले तो हॉस्पिटल जाना तय है। अधिकारी यह पानी पीकर दिखा दे। मड़ीखेड़ा से सप्लाई हो रहा पानी बहुत गंदा है। फिल्टर प्लांट होते हुए भी गंदे पानी की सप्लाई दी जा रही है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अवधेश गोयल ने रविवार को नल से सप्लाई हो रहा गंदा पानी दिखाया और कहा कि इसे कौन पिएगा। यह तो नहाने और कपड़े धोने लायक भी नहीं है।
सचिन चौहान, एई, नगर पालिका शिवपुरी
एलम की मात्रा ढाई गुना तक बढ़वा दी है
सिंध नदी में बाढ़ के कारण बहुत ज्यादा मटमैला पानी आ गया था। सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट पर फिल्टर तक जाम हो गए। हालांकि गंदा पानी साफ करने के लिए एलम की मात्रा ढाई गुना तक बढ़वा दी है। मंगलवार से साफ पानी की सप्लाई चालू हो जाएगी।
0 टिप्पणियाँ