श्री परमार ने बैतूल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अन्न उत्सव का किया शुभारंभ
स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) और सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री तथा बैतूल और झाबुआ जिले के प्रभारी मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि हमारी परंपरा है कि जब तक पड़ोसी भोजन न कर ले, हमें नींद नहीं आती। हम किसी को भूखा सोता नहीं देख सकते। सरकार की भी अंत्योदय कल्याण के तहत यही भावना है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सरकार द्वारा वितरित किए जाने वाला नि:शुल्क खाद्यान्न हक के साथ पूरा-पूरा हितग्राही तक पहुंचे, इस उद्देश्य से थैले में राशन उपलब्ध कराने की योजना प्रारंभ की गई है। हर पात्र व्यक्ति को थैले में निर्धारित मात्रा में अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य मंत्री श्री परमार बैतूल के बैतूलबाजार में आयोजित प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना 'अन्न उत्सव' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर श्री परमार ने प्रतीकात्मक रूप से दस हितग्राहियों को थैले में नि:शुल्क खाद्यान्न वितरित किया।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का हाथ, हमेशा हर जरूरतमंद की सहायता के लिए आगे रहता है। उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता करने में दुनिया में एक आदर्श प्रस्तुत किया है। प्रदेश सरकार भी इस दिशा में हम-कदम बनकर उनके साथ चल रही है। कोरोना महामारी के दौरान जब प्रदेश में अन्य स्थानों से प्रवासी मजदूर आ रहे थे या प्रदेश से होकर गुजर रहे थे, तब हमारे समाज ने जन-सहयोग से उनको भोजन-पानी से लेकर वस्त्र, जूते तक की जो सहायता की, वह अनुकरणीय है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान भी प्रदेशवासियों ने जनसहयोग के लिए मुक्त हस्त से जो सहयोग किया, वह एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि थैले में राशन वितरण होने से कोई बिचौलिये लाभ नहीं ले सकेंगे और पूरा-पूरा अनाज हितग्राहियों को मिलेगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन समय में अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों को पात्रता पर्ची से भी जोड़ा गया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का भी लाइव प्रसारण किया गया, जिसे प्रभारी मंत्री सहित उपस्थित जनसमुदाय ने देखा और सुना।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आदित्य शुक्ला, कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस, पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद और स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद थे।
मुलताई थाने के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन
राज्य मंत्री श्री परमार ने बैतूल के मुलताई में 94 लाख 10 हजार रूपए की लागत से निर्मित थाने के नवीन भवन का उद्घाटन किया। इस नवनिर्मित थाना भवन में एक चाइल्ड सेंटर भी बनाया गया है जिसमें चाइल्ड फ्रेंडली एटमॉस्फियर उपलब्ध है। श्री परमार ने थाना परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर सांसद श्री डीडी उइके, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आदित्य शुक्ला, प्रधान नगर पालिका श्री हेमन्त शर्मा, कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस, पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद सहित स्थानीय जन-प्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ