ग्वालियर में केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का तीन दिवसीय प्रस्तावित दौरा शुरू होने से पहले ही विवादों में घिरता नजर आ रहा है। सिंधिया समर्थक भाजपाई, केन्द्रीय मंत्री के आगमन पर (22 सितंबर) को रोड शो के रूप में भव्य स्वागत करना चाहते हैं। क्योंकि केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री बनने के बाद वह पहली बार तीन दिन के लिए ग्वालियर आ रहे हैं।
उधर, कांग्रेस ने इस रोड शो पर ऐतराज जताया है। कांग्रेस का कहना है कि जनहित के मुद्दे पर कांग्रेस धरना देती है, तो उसके खिलाफ FIR की जाती है, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की भीड़ के लिए अनुमति दी जा रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि यह रोड शो होता है तो कांग्रेस इसका सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।
बड़े रोड शो की तैयार करी रहे सिंधिया समर्थक
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 सितंबर को ग्वालियर आ रहे हैं। अभी तक तय कार्यक्रम के मुताबिक सिंधिया नई दिल्ली से सड़क मार्ग से ग्वालियर आएंगे। सिंधिया समर्थक केंद्रीय मंत्री के जोरदार स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। सिंधिया समर्थक उर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर तैयारियां पर नजर रखे हुए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के नेता भी केंद्रीय मंत्री के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि केंद्रीय ज्योतिरादित्य सिंधिया बहोड़ापुर से शिंदे की छावनी होते हुए गोरखी पहुंचेंगे इस दौरान उनके स्वागत के लिए जगह जगह मंच बनाए जाएंगे। मंचों की संख्या करीब 8 से 10 के करीब बताई जा रही है। सिंधिया 22 सितंबर को आएंगे रोड शो करेंगे और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 23 और 24 को जयविलास पैलेस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
सड़कों पर विरोध करेंगे, नहीं माने तो कोर्ट जाएंगे
कांग्रेस नेताओं ने बैठक कर इसका विरोध करने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा है कि यदि कांग्रेस जनहित के मुद्दे पर धरना देती है, तो उसके विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ धारा 188 की कार्रवाई कर FIR की जाती है। ऐसे में कोरोना काल में एक नेता को खुश करने के लिए जिला प्रशासन भीड़ जुटाने की अनुमति कैसे दे सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सिंधिया की स्वागत रैली हुई तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी इसका सड़कों पर विरोध करेगी और जरुरत पड़ी तो न्यायालय भी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ