Music

BRACKING

Loading...

कलेक्टर ने समस्याओं के निराकरण के लिए पहल की:आदिवासियों की समस्या के लिए सहरिया सेल गठित, रोजगार को लेकर भी सुनवाई होगी



शिवपुरी  जिले के सहरिया-आदिवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर शिवपुरी ने सहरिया सेल गठित करने का निर्णय लिया है। आदिम जाति कल्याण विभाग मेें अलग से रोजगार सेल का गठन किया है। यहां शिक्षित बेरोजगारों का डाटा कलेक्ट किया जाएगा और इसके बाद उनको प्रदेश में कहां नौकरी मिल सकती है, इसकी सूचना आदिम जाति विभाग के अधिकारियों के माध्यम से संबंधित बेरोजगार आदिवासी युवक-युवतियों को दी जाएगी।

यही नहीं यदि शासन की योजनाओं का लाभ उन्हे नहीं मिल रहा या फिर कोई रोजगार स्थापित करने वित्तीय परेशानी है तो उस परेशानी के आवेदन भी इस सहरिया सैल में लगाए जा सकेंगे। बता दें कि मंगलवार को आदिवासियों ने कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के सामने अपनी तमाम समस्याएं रखी थीं। कलेक्टर ने जायज मांगों को ध्यान में रखते हुए निराकरण की पहल की। आदिवासियों ने अवैध शराब, शिक्षित युवाओं को रोजगार नहीं मिलने, उनके हक के राशन की कालाबाजारी, बाढ़ के दौरान राहत सामग्री में भेदभाव की शिकायतें प्रशासन के सामने रखीं हैं।

आदिम जाति विभाग के जिला संयोजक ने बताया कि सहरिया रोजगार समन्वय केन्द्र शिक्षित सहरिया बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार प्रदान कराने में समन्वय और सहायता करने का कार्य करेगा। सैल का सचिव जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग जिला शिवपुरी को बनाया है।

सैल के प्रभारी मंडल संयोजक सुरेंद्र कुशवाह, प्रभारी गिरीश खड़ियार होंगे और आवेदन ब्लॉक बार लेने अलग-अलग 7 जिम्मेदारों को नियुक्त करने की बात भी उन्होंने कही। जिले में ऐसे शिक्षित सहरिया युवक-युवतियां जो स्नातक, 12वीं पास, 10वीं पास कर चुके हैं।

इस सैल में वह अपना आवेदन दे सकते हैं। आवेदन सादा कागज पर जिसमें उनका नाम, पता, पिता का नाम, शैक्षणिक योग्यता और मोबाइल नंबर के साथ कभी भी कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं। पहले चरण में 30 दिन तक जिला कार्यालय में आवेदन लेंगे और इसके बाद यदि संख्या में आवेदन कम आते हैं तो दूसरे चरण मेें हम घर-घर जाकर शिक्षित बेरोजगारोें का सर्वे शुरू कराएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ