बैराड़ के सिलपरी गांव में स्टॉप डैम पर नहाने गए एक युवक की बहने से मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ बुधवार दोपहर डैम में गया था। यहां मस्ती करते समय वह तेज बहाव में बह गया। दोस्त ने लोगों को बताया। जिसके बाद पुलिस ने देर शाम तक युवक को तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
देखते-देखते पानी में हो गया ओझल
सिलपरी के रहने वाले विकलेश बुधवार को गांव के लड़कों के साथ सिलपरी-डेंढ़री के बीच पार्वती नदी पर बने स्टॉप डैम में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लड़के पानी में मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान विकलेश पानी की तेज धार को चीरते हुए उसे पार करने लगा। कुछ दूर जाकर वह पानी में गोते खाने लगा तो उसने वापस लौटने का प्रयास किया। हालांकि वह न तो धार को पार कर पाया न ही वापस लौट पाया। देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया। मामले की जानकारी परिजनों को लगी तो वह भी मौके पर पहुंची युवक को तलाशने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गुरुवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
बैराड़ टीआई सतीश चौहान ने बताया कि युवक नहाते समय तेज धार में चला गया और पानी में डूब गया। युवक की तलाश जारी है, आज सफलता नहीं मिली, कल फिर से तलाश शुरू करेंगे।

0 टिप्पणियाँ