शिवपुरी ग्राम पंचायतों द्वारा फर्मों को किए बिल भुगतान को लेकर आर्थिक अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिवों ने बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर फर्मों से मिठाई, समौसे, साबुन आदि सामान खरीद लिया और कंप्यूटर रिपेयरिंग तक करा ली। यानी मनमाने ढंग से बिल लगाकर सरपंच-सचिवों द्वारा फर्जीवाड़ा किया जा रहा है।
बदरवास जनपद की ग्राम पंचायतें बूंदी, समोसे से लेकर ऐसी सामग्री के बिलों का भुगतान कराया है जो बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर फर्म के दायरे में नहीं आ रहा। बिलों में भी रेत, गिट्टी, सरिया, सीमेंट आदि सामान का जिक्र है, लेकिन उसमें दूसरे सामान का उल्लेखन है। ग्राम पंचायतों द्वारा पंचायत दर्पण पोर्टल पर यह बिल अपलोड किए हैं।
ऑनलाइन बिल देखने के बाद पंचायतों के फर्जी बिलों के मामले धीरे-धीरे निकलकर सामने आ रहे हैं। खास बात यह है ऐसे बिलों पर जनपद स्तर से अधिकारी विशेष गौर तक नहीं कर रहे हैं। संबंधित फर्म भी जांच की जद में आ रहीं हैं।
पंचायत दर्पण पर बिल अपलोड होने के बाद मामले सामने आए, बिल भुगतान को लेकर फर्में भी जांच की जद में
बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर फर्म, जिनके नाम से दूसरे सामान का भुगतान हुआ
ग्राम पंचायत पीरोंठ : गणतंत्र दिवस पर 10500 रु. के बूंदी व समोसे खरीदे
खतौरा कस्बे में प्रिंस ग्रुप फर्म बिल्डिंग मटेरियल से संबंधित है। पीरोंठ ग्राम पंचायत ने 26 जनवरी 2020 का इस फर्म के नाम से बिल लगाया है। जिसमें बूंदी और समाेसा का 10 हजार 500 रु. का बिल चुकता किया है।
ग्राम पंचायत देहरदागणेश : बच्चों को मिठाई व चाय-नाश्ते का 12 हजार रु.
जगतपुर कोलारस में श्री राधे ट्रेडर्स नाम से फर्म बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर फर्म है। लेकिन पंचायत द्वारा 26 जनवरी 2020 का बिल लगाया है। जिसमें बच्चें को मिठाई व माइक, चाय नास्ते का 12 हजार रु. का भुगतान किया है।
8200 रु. में कंप्यूटर मरम्मत कराई, इतने में तो नया प्रिंटर खरीद सकते हैं
देहरदा गणेश ग्राम पंचायत ने काेलारस के जगतपुर की श्रीराधे ट्रेडर्स नाम की फर्म का बिल लगाया है। 18 मार्च 2020 के बिल में कंप्यूटर प्रिंटर मरम्मत के 8200 रु. व 25 माह का नेट बैलेंस 12500 रु., स्टेशनरी रजिस्टर प्रिंट पेज आदि सहित कुल 27200 रु. का बिल भुगतान है। जबकि 8200 रु. में नया प्रिंटर खरीदा जा सकता है। वहीं 30 मार्च 2020 के बिल में 10200 रु. के 850 साबुन सहित 22950 रु. का बिल भुगतान किया है।
इधर... कुटवारा : सरपंच के परिवार के सदस्य की फर्म, 1.17 लाख का बिल भुगतान
ग्राम पंचायत कुटवारा द्वारा खतौरा की आराध्या कंस्ट्रक्शन एवं बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर फर्म का 2 जुलाई 2019 का बिल लगाकर बजरी व गिट्टी का 67600 रु. का भुगतान कराया है। 1 जुलाई 2019 का अन्य बिल है जिसमें 49920 रु. सीमेंट का भुगतान है।
बिल पर सिर्फ सरपंच की सील व हस्ताक्षर हैं। दरअसल कुटवारा पंचायत की सरपंच सावित्री लोधी हैं। जबकि फर्म सतेंद्र लोधी के नाम से दर्ज है, जो सरपंच सावित्री के परिवार का सदस्य है। पूछने पर फर्म संचालक सतेंद्र ने पहले बताया कि मेरी मां है, फिर बोला कि मेरी चाची हैं।
ऐसा हुआ है तो सरपंच व सचिव के खिलाफ कार्रवाई करेंगे
सरपंच-सचिव ने गलत बिल लगाकर यदि भुगतान किया है तो संबंधित बिलों की जांच कराएंगे। फर्म संचालकों से भी इस बारे में पूछताछ करेंगे। यदि गलत बिल लगाकर भुगतान कराया है तो हम नियम अनुसार सरपंच व सचिव के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे। -एनएल पिप्पल, सीईओ, जनपद पंचायत बदरवास

0 टिप्पणियाँ