शिवपुरी, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विनोद कुमार के मार्गदर्शन में एवं जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अर्चना सिंह के निर्देशानुसार आज मंगलवार को अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र ग्राम पंचायत सतनवाड़ा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में भारत के अमृत अभियान के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई तथा शिविर में हेल्प डेस्क लगाया जाकर पैरा लीगल वालंटियर श्री कपिल धाकड़ द्वारा समस्त समस्याओं को सूचीबद्ध किया गया।
पैरालीगल वालंटियर श्री कपिल धाकड़ द्वारा पूर्व से ही उक्त ग्राम में लोगों की समस्याओं को चिन्हित किया जाकर उनका निराकरण किया गया है एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा इस संबंध में हर्ष व्यक्त किया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर द्वारा उन्हें अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, मजदूरी कार्ड, समग्र आईडी, आधार कार्ड इत्यादि बनवाए जाने में बहुत सहायता मिलती है। शिविर में लोगों की विभिन्न समस्याओं को सचिव एवं रोजगार सहायक के माध्यम से निराकृत कराए जाने हेतु आवेदन तैयार करवाए गए।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती शिखा शर्मा द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। आजीविका मिशन के संबंध में भी बताया गया कि यदि महिलाएं स्वयंरोजगार में आकर अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती हैं तो वे पैरा लीगल वालंटियर को अपनी रुचि के अनुसार रोजगार पाने हेतु नाम दर्ज करवाएं, ताकि शीघ्र अति शीघ्र आजीविका मिशन के अधिकारीगण एवं ग्राम पदाधिकारियों के माध्यम से समूह बनाकर महिलाओं को रोजगार उन्मुख किया जा सके। इसके साथ-साथ ग्रामीण पुरुषों को भी मनरेगा के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया गया

0 टिप्पणियाँ