भोपाल राजधानी में डेंगू और चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में कलियासोत पहाड़ी स्थित शासकीय होम्योपैथिक अस्पताल से इन बीमारियों से बचाने वाली दवाएं इन्फ्लुएन्जीनम व यूपाटोरियम पर्फोलिएटम नि:शुल्क दी जा रही हैं। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि इन दवाईयों का सेवन करने से डेंगू और चिकनगुनिया के साथ ही वायरल फीवर से भी बचाव संभव है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से ओपीडी में पहुंचे अब तक करीब 5000 मरीजों को यह दवाइयां उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। केंद्रीय आयुष मंत्रालय की ओर से कोरोना से बचाव की एवाइजरी जारी की थी। इसमें कहा गया था कि समय रहते बचाव कर गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है। सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन होम्योपैथी के वैज्ञानिक सलाहकार बोर्ड ने आर्सेनिक एल्बम-30 को 3 दिन खाली पेट लेने को कोरोना का कारगर उपाय माना था।
मामले में शासकीय होम्योपैथिक अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनीता तोमर ने बताया कि होम्योपैथी की दो दवाएं इन्फ्लुएन्जीनम व यूपाटोरियम पर्फोलिएटम डेंगू, चिकनगुनिया और वायरल फीवर के संक्रमण से बचाने में बेहद कारगर हैं।

0 टिप्पणियाँ