शिवपुरी - पोहरी में मंगलवार की दोपहर किसानों ने चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पोहरी एसडीएम अंकुर गुप्ता मौके पर पहुंच गए किसानों ने उनका भी घेराव कर लिया। एसडीएम ने किसानों को समझाइश देते हुए कूपन बंटवाए और आश्वस्त किया कि सबको पर्याप्त खाद मिलेगा।
रात को ही पहुंची खाद की खेप
पिछले लंबे समय से मार्केटिंग सोसायटी पर डीएपी खाद न मिलने के कारण किसान को मजबूरन बाजार से ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर खाद खरीदना पड़ रहा था। इसी क्रम में सोमवार की रात पोहरी मार्केटिंग के गोदाम पर जैसे ही खाद की खेप पहुंची तो यह खबर जंगल में आग की तरह किसानों के बीच फैल गई।
मंगलवार की दोपहर तक हजारों किसान मार्केटिंग के गोदाम पर पहुंच गए लेकिन किसानों को खाद नहीं मिला, जिसके चलते किसानों ने गोदाम के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक लगे जाम के बाद एसडीएम अंकुर गुप्ता मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को समझाने का प्रयास किया कि खाद की कोई कमी नहीं है और सभी को पर्याप्त खाद मिलेगा। एसडीएम ने 600 किसानों को खाद के कूपन बंटवाने की बात कही है।
कोई ज्यादा दाम ले तो बना लें वीडियो, करें कॉल
एसडीएम का किसानों से कहना था कि अगर वह बाजार से किसी प्राइवेट दुकान से खाद ले रहे हैं तो एक रुपए भी ऊपर न दें। अगर कोई ज्यादा रुपए लेता है तो उसकी वीडियो बना लें, फोटो खींचें और मुझे फोन पर सूचना दें। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पर्याप्त खाद है, पर मिलेगा धीरे-धीरे
एसडीएम का कहना है कि उनके पास खाद की अब कोई कमी नहीं हैं। खाद पर्याप्त मात्रा में है, लेकिन किसानों को सिस्टम से और धीरे-धीरे ही खाद मिलेगा। किसानों का आरोप था कि एसडीएम मुख्यालय पर नहीं रहते हैं, जबकि एसडीएम का कहना था कि वह रेस्ट हाउस पोहरी में रह रहे हैं, आरोप निराधार हैं।
0 टिप्पणियाँ