प्रदेश के साथ जिले भर में सोमवार और मंगलवार को कोविड वैक्सीनेशन को लेकर चलाए जाने वाले महाअभियान की सफलता को लेकर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने रविवार को सेसई सड़क, मोहराई, लुकवासा सहित कई अन्य स्थानों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित आजीविका मिशन की महिलाओं के साथ बात कर उन्हें महा अभियान की सफलता के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही उन्हें निर्देशित किया कि वह घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल दें और लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करते हुए वैक्सीनेशन कैंप तक लेकर आएं। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों पर फोकस करने की बात कही, जिन्होंने पहला डोज तो लगवा लिया है, लेकिन दूसरा डोज लगवाने के लिए नहीं आए हैं।
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने सेसई गांव ग्रामीणों से बात करते हुए कहा कि हमारे गांव ने लोगों को खोया है। हम सब बहुत डरे हुए थे। बकौल कलेक्टर अगर हम चाहते हैं कि हमें वो दिन फिर न देखें, तो हमें घर से निकल कर वैक्सीन लगवाना होगा।
0 टिप्पणियाँ