भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में नाइट सफारी के 8 Km लंबे ट्रैक को सुधारने के लिए मैनेजमेंट को फंड मिल गया है। जल्द ही सड़क सुधरेगी और 15 नवंबर के बाद टूरिस्ट नाइट सफारी का मजा ले सकेंगे। वन विहार में नाइट सफारी के लिए 13 किमी लंबा ट्रैक है। इसमें से आधा ट्रैक यानी 8 किमी हिस्सा बारिश के कारण खराब हो गया था। जिसे दुरुस्त करने के लिए मैनेजमेंट ने सरकार को 5 लाख रुपए का प्रस्ताव भेजा था। हाल ही में फंड मिल गया है। डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एके जैन ने बताया, ट्रैक को सुधारने का काम शुरू कर रहे हैं। इसके बाद नाइट सफारी शुरू की जाएगी।
बता दें कि कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच नेशनल पार्क की तर्ज पर मार्च-20 में वन विहार में भी नाइट सफारी की शुरुआत हुई थी, लेकिन अप्रैल में कोरोना कर्फ्यू के चलते वन विहार बंद करना पड़ा था। इससे नाइट सफारी भी बंद हो गई थी। जून में वन विहार अनलॉक जरूर हो गया, पर नाइट सफारी शुरू नहीं की गई है। इसके पीछे जर्जर ट्रेक मुख्य वजह रहा है। अब 15 नवंबर के बाद नाइट सफारी शुरू करने की बात कही जा रही है।
38 दिन ही हुई थी नाइट सफारी
इसी साल 4 मार्च को वन मंत्री विजय शाह ने वन विहार में नाइट सफारी का शुभारंभ किया था। हालांकि, शुरुआती कुछ दिन तक नाइट सफारी को टूरिस्ट नहीं मिले थे, लेकिन बाद में अच्छी संख्या होने लगी थी। इधर, अप्रैल की शुरुआत में ही राजधानी में कोरोना का संक्रमण तेज हो गया और 12 अप्रैल को नाइट कर्फ्यू भी लगा दिया गया था। इसके चलते वन विहार लॉक हो गया था, जो 66 दिन के बाद 17 जून को अनलॉक हुआ था। करीब 38 दिन ही नाइट सफारी हो सकी थी।
मार्च-अप्रैल में ऐसे कराई गई थी सफारी
वन विहार नेशनल पार्क में मार्च में जब नाइट सफारी शुरू की गई थी, तब 13 किमी के ट्रैक पर सैलानियों को 50 मिनट की सैर कराने का फैसला लिया गया था। इसके अनुसार ही टूरिस्ट नाइट सफारी कर रहे थे। इसमें पर्यटक सफारी के लिए गेट नंबर 2 से होते हुए फ्री रेंज में घूम रहे शाकाहारी वन्य प्राणियों को देखते हुए गेट नंबर 1 तक पहुंच रहे थे। उसके बाद 4 किमी का रास्ता पार करते हुए डिस्प्ले बाड़ों के सामने से होते हुए गेट नंबर 2 तक पहुंचने की व्यवस्था थी।
0 टिप्पणियाँ