Music

BRACKING

Loading...

दोस्त को प्रेमिका से मिलाना पड़ा महंगा:मुरैना से शिवपुरी प्रेमिका के घर आए युवक के साथी को परिजनों ने मारपीट कर सिर फाड़ा

 


शिवपुरी जिले के गणेशखेड़ा गांव में अपने ग्वालियर निवासी दोस्त संदीप गुर्जर को उसकी प्रेमिका से मिलवाने के लिए आए मुरैना निवासी बबलू कुशवाहा को लड़की के परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद परिजनों ने युवक के साथ जमकर मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया। उसके खिलाफ चोरी की रिपोर्ट भी कायम करवा दी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बबलू और उसके एक अन्य अज्ञात साथी के खिलाफ चोरी का प्रकरण कायम कर लिया है।

दोस्त को बचाने के चक्कर में पकड़ा गया

बेहद गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती बबलू कुशवाहा का कहना है कि उसके दोस्त जयकम गुर्जर का दोस्त संदीप गुर्जर ग्वालियर रहता है। रविवार को संदीप का फोन आया कि उसे उसकी प्रेमिका ने मिलने बुलाया है। तुम साथ चलो।

बबलू के अनुसार संदीप के कहने पर वह और जयकम गुर्जर ग्वालियर आ गए। वहां से संदीप को साथ लिया और उसकी प्रेमिका से मिलने के लिए शिवपुरी आए। रात में वह जब प्रेमिका के गांव पहुंचे तो प्रेमिका से फोन पर बात हुई और उसने दरवाजे की कुंदी खोल दी। संदीप भीतर चला गया, वह बाहर खड़े रहे।

बबलू के अनुसार कुछ देर बाद घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाज आने लगी, तो वह संदीप को बचाने के लिए घर के अंदर घुस गया। इसी दौरान लड़की के भाई ने उसके सिर में कुल्हाड़ी मार दी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद लाठियों से उसे पीटना शुरू कर दिया। इस पूरी गहमा-गहमी में संदीप और जयकम मौके का फायदा उठाकर भाग गए। बबलू का कहना है कि उस पर चोरी का आरोप पूरी तरह से झूठा है।

फेसबुक पर हुई दोस्ती, कई बार मिले

बबलू की मानें तो संदीप और उस लड़की की दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। उसके बाद दोनों में बात होने लगी। बाद में बात इतनी बढ़ गई कि संदीप उसके बुलाने पर उससे मिलने आने लगा। बबलू ने बताया कि वह उसके साथ पहली बार आया था।

खोड़ चौकी प्रभारी राजीव दुबे ने बताया कि रात को पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके घर में चोर घुस आए थे। आहट सुनकर जब वह जाग गए तो चोर छत से कूदकर भागे, जिससे एक को चोट आई है। एक चोर भाग गया। बबलू सहित एक अज्ञात साथी पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है। चोरी का कोई सामान फिलहाल बरामद नहीं हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ