प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य आनंद संस्थान मध्यप्रदेश, अध्यात्म विभाग द्वारा 14 से 28 जनवरी 2022 तक शिवपुरी जिले में तीन चरणों में आनंद उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पारंपरिक खेलों और लोक संस्कृति पर आधारित लोक संगीत तथा नृत्य के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें बच्चे, वृद्ध, दिव्यांग एवं सभी आयु वर्ग के महिला, पुरुष भाग ले सकेंगे।
अध्यात्म विभाग शिवपुरी के नोडल तथा अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महेंद्र जैन एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री अभय कुमार जैन द्वारा सम्मिलित रूप से बताया गया कि आनंद उत्सव के तहत ग्रामीण क्षेत्र में क्लस्टर स्तर पर पारंपरिक खेलों में कबड्डी, खो-खो, रस्साखींच, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ आदि का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पारंपरिक लोक गीत, लोक नृत्य, भजन, नाटक आदि का आयोजन भी किया जाएगा।जिला स्तर पर आनंद उत्सव आयोजन करने के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति गठित की गई है, जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी के साथ-साथ जिले के अन्य प्रमुख विभागों के अधिकारी भी शामिल हैं। इसी प्रकार जिले के प्रत्येक ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय समिति बनाई जाएंगी। इसमें अनुविभागीय अधिकारी आनंद उत्सव में चार-पांच पंचायतो के बीच एक स्थान पर आयोजन स्थल का चयन करेंगे।
आनंद उत्सव आयोजनों के पश्चात कार्यक्रम के फोटो एवं वीडियो से संबंधित एक प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसमें कार्यक्रम से जुड़े नागरिक, आनंदक तथा आयोजक भाग ले सकते हैं। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में विजेता को राज्य आनंद संस्थान भोपाल की ओर से प्रथम पुरस्कार 25 हजार रूपए, द्वितीय 15 हजार रूपए एवं तृतीय 10 हजार रूपए (फोटो तथा वीडियो के लिए अलग-अलग) पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। आनंद उत्सव आयोजन के संबंध में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी में दिनांक 30 दिसंबर 2021 को सायं 4 से 5.30 बजे तक वीडियो कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इस वीसी में जिले के सक्रिय आनंदक, आनंदम सहयोगी तथा मास्टर ट्रेनर्स आमंत्रित हैं।
0 टिप्पणियाँ