नरवाई न जलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाएँ
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को इटारसी के ग्राम तवानगर स्थित एचईजी विश्राम गृह में जल संसाधन विभाग की समीक्षा की।
मंत्री श्री सिलावट ने बैठक में जिले के सिवनी मालवा ब्लॉक में 148 करोड़ रूपये की झारबीड़ी सिंचाई योजना को शीघ्र चालू करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संकल्प कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से काम करें। विधायक सिवनी-मालवा श्री प्रेम शंकर वर्मा एवं विधायक सोहागपुर श्री विजय पाल सिंह ने भी अपनी विधानसभा क्षेत्र में नहरों के सुचारू संचालन के संबंध सुझाव दिए। कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह, मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग श्री शिशिर कुशवाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री श्री सिलावट ने तवा बांध का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को बांध सुरक्षा का आडिट कराने के साथ क्षति ग्रस्त नहरों को सुधारने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थित में पानी का अपव्यय न हो। मूंग फसल की सिंचाई के लिए हरदा एवं नर्मदापुरम के सभी किसानों को समान रूप से लाभान्वित किया जाए। मंत्री श्री सिलावट ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर नहरों के आस-पास अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर कार्य-योजना बनाकर नहरों के आस पास सघन पौधारोपण करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि विभागीय अधिकारी रोस्टर बनाकर नियमित नहरों का निरीक्षण करें।
मंत्री श्री सिलावट ने किसानों को नरवाई के फायदे और उसके बेहतर उपयोग के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों से चर्चा करने को कहा। साथ ही जिले में नरवाई नही जलाई जाए इससे लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने के निर्देश भी दिए

0 टिप्पणियाँ