Music

BRACKING

Loading...

श्योपुर : बदमाशों ने लूटे 4 लाख नगद, आरोपियों पर 10 हजार का इनाम घोषित

 शहर से तकरीबन 9 किमी दूर कनापुर गांव में फूफा के बेटे की शादी में भात देने जा रहे एक ग्रामीण से चार अज्ञात बदमाशों ने चार लाख रुपए लूट लिए। रविवार रात हुई वारदात के बाद पीड़ित बार-बार बेहोश हो रहा है। मामले में पीड़ित के बेटे ने लूट की एफआईआर देहात थाने में दर्ज कराई है।

देहात थाना पुलिस को मेवाड़ा गांव निवासी पुष्पराज मीणा ने बताया कि रविवार की रात वह अपनी मां और पिता के साथ कनापुर जा रहे थे। कनापुर में उसके पिता बलवान मीणा के फूफा मंशाराम मीणा के बेटे दिनेश मीणा की शादी थी। वे भात लेकर जा रहे थे। रात करीब 9.45 बजे जब वे तीनों बाइक से कनापुर की तलाई के पास पहुंचे तो सड़क किनारे से निकलकर चार बदमाश आए, जिन्हें देखकर पिता ने बाइक की रफ्तार कम कर ली।

बाइक की लाइट का स्विच खराब होने से बंद हो गई। पिता ने बदमाशों को देखकर बाइक रोक ली। बाइक रुकते ही फरियादी पुष्पराज और उसकी मां किशनांद बाई बाइक से उतर गई, तभी एक बदमाश ने पिता का हाथ पकड़कर खींचा जिससे बाइक गिर गई। मां ने चिल्लाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद खातौली की ओर से एक बाइक आती नजर आई, जिसे देखकर चारों बदमाश खातौली की ओर से भाग निकले।

इसके बाद उसने मामा के बेटे गिर्राज को कॉल किया और मौके पर बुलाया। इस बीच कनापुर की ओर से आ रही एक जीप को रोककर पिता बलवान मीणा को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने जब पूछताछ की तो सामने आया कि लूट लगभग 3 लाख रुपए की हुई है। इस पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

10 हजार कर इनाम घोषित, टीम गठित की
मामले में सोमवार को एसपी आलोक कुमार ने अज्ञात बदमाशों पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इसके साथ ही डीएसपी अशोक सिंह जादौन के नेतृत्व में टीम का भी गठन किया गया है। जिसमें देहात थाना प्रभारी भारत सिंह गुर्जर, एएसआई बृजराज यादव, कोतवाली में तैनात कार्यवाहक एएसआई संजय यादव व देहात थाना के प्रधान आरक्षक विजय जादौन की संयुक्त टीम गठित की है। जिन पर उक्त बदमाशों को पकड़ने व लूट की रकम बरामद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसलिए संदिग्ध लग रही वारदात

  • पुलिस के अनुसार लूट के बाद पीड़ित के बेटे ने बताया कि घटना के दौरान बदमाश मां-बेटे को सड़क पर छोड़कर पिता को पकड़कर खेतों की ओर ले गए। जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और पीड़ित के बेटे से पूछा कि किस ओर ले गए तो मौके पर सड़क के दोनों ओर खेतों में तार फेंसिंग मिली, इस पर पीड़ित के बेटे ने बयान बदले और कहा- नहीं, उन्होंने सड़क किनारे ही पिता को लूटा।
  • पीड़ित बलवान मीणा के बेटे ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने पिता की जेब में रखा पर्स लूटा और मौके से फरार हो गए। जब पीड़ित बलवान को अस्पताल में होश आया तो उसने पेंट के भीतर की जेब में रखे चार लाख ले जाने की बात कही।
  • पीड़ित की पत्नी व बेटे के अनुसार बदमाशों ने मां-बेटे से कुछ नहीं कहा और सिर्फ पिता को ही लूटा पीड़ित की पत्नी के गले-कानों समेत हाथों में सोने के कई आभूषण थे, जिन्हें बदमाशों ने हाथ तक नहीं लगाया। इसलिए पूरी घटना पर संदेह है।
  • पीड़ित के बेटे के अनुसार, चारों बदमाशों के मुंह पर काले रंग की साफी बंधी थी, फिर भी उसने कहा कि अगर चारों सामने आए तो वह उन बदमाशों का पहचान लेगा।

बदमाशों ने 4 लाख की लूट हुई है
पुलिस रात में भी उक्त घटना को संदिग्ध ही मान रही थी और एफआईआर नहीं कर रही थी। जब गांव के और समाज के लोग व कुछ नेता देहात थाना में पहुंचे तब जाकर पुलिस ने हमारी एफआईआर दर्ज की। उक्त घटना में बदमाशों ने 4 लाख की लूट की है। -ओमप्रकाश मीणा, पीड़ित के भाई

मामले की कर रहे जांच
पीड़ित के साथ किसी तरह की मारपीट व जबरदस्ती नही हुई, लूट के मामले में हमने चार अज्ञात बदमाशों पर एफआईआर दर्ज की है। डॉक्टर ने भी रिपोर्ट दी कि बेहोशी के लिए उसे कोई भी चीज नहीं दी गई है और वह ठीक है। मामले में कुछ बिंदुओं से संदिग्धता लग रही है। हालांकि यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। -भारत सिंह गुर्जर , थाना प्रभारी, देहात

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ