शासन द्वारा खाद्य तेल और तिलहन फसलों की स्टॉक लिमिट तय करने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर में पहली कार्रवाई की है। अफसरों की टीम ने इस दौरान कई व्यापारी प्रतिष्ठान व गोदामों पर छापा मारा। एक फर्म पर लिमिट से अधिक मिला करीब 17 हजार लीटर खाद्य तेल जब्त कर खाद्य अधिनियम का मामला दर्ज किया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी आरसी मीणा के साथ अधिकारियों की टीम व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर खाद्य तेल एवं तिलहन के स्टॉक की जांच करने निकली। चौधरी वेयरहाउस, कंषाना वेयरहाउस, राजा वेयरहाउस, मधुवन वेयरहाउस, अग्रवाल वेयरहाउस के अलावा थोक व्यापारी दीपक ट्रेडर्स, श्रीनाथजी ट्रेडर्स, रामवल्लभ शिव ट्रेडर्स के प्रतिष्ठानों पर स्टॉक की जांच की गई।
इसमें दीपक ट्रेडर्स के यहां 16959 लीटर खाद्य तेल मिला। जिसकी कीमत 155 रु प्रति लीटर के बाजार भाव से लगभग 27 लाख रुपए आंकी है। खाद्य तेल नियंत्रण आदेश के उल्लंघन का मामला पंजीबद्ध किया गया है। खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा खाद्य तेल के सैंपल भरने की भी कार्रवाई की गई।
बता दें कि राज्य सरकार ने बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए जमाखोरी की आशंका में खाद्य तेल एवं तिलहन की स्टॉक सीमा निर्धारित की है। मप्र खाद्य तेल एवं तिलहन व्यापारी नियंत्रण आदेश के तहत खाद्य तेलों और तिलहन की स्टॉक सीमा फुटकर व्यापारी के लिए 30 क्विंटल खाद्य तेल एवं 100 क्विंटल खाद्य तिलहन तय की गई है।

0 टिप्पणियाँ