वीरपुर कस्बे के मुख्य बाजार में पैटीज खाते समय पांव पर पांव रखने की बात पर कहासुनी के बाद शिक्षक ने दबंगई दिखाते हुए अपने बेटों के साथ मिलकर एक युवक से मारपीट कर दी। उसे जान से मारने की धौंस भी दी गई। झगड़े के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस थाने में जाकर रिपोर्ट की। पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पांचों कॉलोनी निवासी अनिल पुत्र पप्पू उर्फ श्रीनिवास श्रीवास वीरपुर बाजार में मंगलवार रात 8 बजे नाश्ते की दुकान पर पैटीज खाने गया था। तभी पैर पर पैर रखने की बात पर सीखेड़ा गांव के सरकारी स्कूल में पदस्थ आरोपी शिक्षक विमल रावत ने तैश में आकर उसे लात घूंसों से पीटा।
इस दौरान शिक्षक के बेटों ने भी मारपीट की। झगड़ा बढ़ने पर मौके लोगों की भीड़ लग गई। युवक को पीट पीटकर घायल कर दिया। लोगों ने बीचबचाव किया। फरियादी अनिल श्रीवास की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक विमल रावत, उसके बेटे विजय, अजय एवं मोहरसिंह के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी के आरोप में केस कायम किया है। वहीं फरियादी विजय पुत्र विमल रावत की रिपोर्ट पर आरोपी अनिल पुत्र पप्पू उर्फ श्रीनिवास श्रीवास के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

0 टिप्पणियाँ