Music

BRACKING

Loading...

अपने कार्यों को सुधारें, योजनाओं की जानकारी रखे, अगली बैठक में मौका नहीं दूंगा: श्री तारन प्रकाश सिन्हा


कलेक्टर ने योजनाओं की जानकारी नहीं होने पर जताई नाराजगी

अकलतरा में ली ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक

     जांजगीर-चाम्पा 7 जुलाई 2022/ कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज जनपद पंचायत अकलतरा में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं की सम्पूर्ण जानकारी रखे। इससे आपकी गंभीरता झलकती है कि आप अपने विभागीय कार्यों के प्रति कितने गम्भीर है। यह पहली बैठक है, इसलिए कार्यवाही नहीं कर रहा हूँ, समझाइश दे रहा हूँ। अगली बार समीक्षा करूँगा तो कोई मौका नहीं दूंगा। सीधे कार्यवाही करूँगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन का अंग बताते हुए कहा कि आपसी समन्वय के साथ शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।

     समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री सिन्हा ने राज्य शासन की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए इसके क्रियान्वयन में प्राथमिकता के निर्देश दिए। उन्होंने राजीव गाँधी किसान न्याय योजना, राजीव गाँधी कृषि मजदूर भूमिहीन न्याय योजना, राजीव युवा मितान क्लब के गठन की जानकारी ली। कलेक्टर ने खाद-बीज वितरण और भण्डारण की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि खाद की काला बाजारी रोकने छापामार कार्यवाही करें।

     कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्रियों को स्कूल, छात्रावासों, आश्रम, आंगनबाड़ी सहित स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्ता और कीमत देखकर क्रय करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्ड, जल जीवन मिशन अंतर्गत नल कनेक्शन, गोठानों में विद्युत व्यवस्था, पशु विभाग, उद्यानिकी, मत्स्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों, स्कूलों में जाति-निवास और आमदनी प्रमाण पत्रों की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने गोठानों में संलग्न स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीविका के साधन विकसित करने सभी गोठानों को व्यवस्थित तथा सक्रिय रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भवन सननिर्माण अंतर्गत संचालित योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिलाने और संगठित तथा असंगठित कामगारों के कार्ड बनवाने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम श्रीमती नंदिनी कमलेश साहू, जनपद सीईओ सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


सिर्फ खाना खिलाने से कुपोषण नहीं जाएगा

     कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिले में कुपोषण दूर करना उनकी प्राथमिकता में है। बच्चों से कुपोषण दूर करने के लिए सिर्फ खाना खिला देना ही पर्याप्त नहीं है, उन्हें गुड़, चना, मूंगफल्ली सहित पूरक पोषण आहार भी प्रदान किया जाए। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग और बीएमओ को निर्देशित किया कि कुपोषण के शिकार बच्चों और गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन जाँच करने विशेष अभियान चलाए। दोनों का स्वास्थ्य कार्ड बनाकर हर 15 दिन में जांच करें। कलेक्टर ने मितानीन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से गृहभेंट करने के निर्देश भी दिए।

संस्थागत प्रसव को बढ़ाएं और स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाएं

     कलेक्टर श्री सिन्हा ने विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे ब्लॉक अंतर्गत सभी स्वास्थ्य क्रेंद्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाए। अस्पताल में चिकित्सकों सहित सभी स्टाफ समय पर पहुचे। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा जीवनदीप समिति के माध्यम से दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि का वितरण संबंधित हितग्राहियों को करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हाट बाजार क्लीनिक और शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट के वाहनों को नियमित रूप से गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच पहुचकर शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना वैक्सीनेशन अंतर्गत बूस्टर व प्री-कॉशन डोज के लिए भी अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड, जेनेरिक दवा वितरण की भी समीक्षा की।


स्कूलों को दी गई राशि का सदुपयोग हो, मैं जांच करूंगा

     कलेक्टर श्री सिन्हा ने बैठक में बीईओ को निर्देशित किया कि स्कूलों को शासन द्वारा विभिन्न मद से आवश्यक कार्यों के लिए राशि प्रदान की जाती है। उक्त राशि से स्कूलों में हुए कार्यों या क्रय का अवलोकन करें। राशि का सदुपयोग होना जरूरी है। मैं स्वयं भी स्कूलों में जाऊंगा और बिल की जांच कर कार्यों को देखूंगा। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को सुविधाओं के साथ बेहतर शिक्षा मिले, यह प्राथमिकताओं में होनी चाहिए। शिक्षक समय पर स्कूल पहुंचे और अध्यापन कराए।

अप-डाउन नहीं चलेगा, समय पर ऑफिस पहुचे

     कलेक्टर श्री सिन्हा ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें। शासन द्वारा जो समय निर्धारित किया गया है, उस समय तक कार्य करना सुनिश्चित करें। सोमवार को अनिवार्य रूप से कार्यालय में रहे। दूरस्थ क्षेत्रों से अप-डाउन की प्रवृत्ति नहीं चलेगी। फील्ड में रहने पर रिपोर्ट भी बनाएं। फील्ड के नाम पर अनावश्यक घूमना-फिरना न करें।

समाचार

एथलेटिक्स, हॉकी, कबड्डी एवं बास्केटबाल विधाओं में प्रशिक्षण हेतु प्रवेश परीक्षा 14 एवं 15 जुलाई को

अनुसूचित जाति वर्ग की 48 खिलाड़ी छात्रों का होगा चयन

    जांजगीर-चांपा 07 जूलाई 2022/ वर्ष 2022-23 में शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर चिस्दा (हसौद) छ०ग० में प्रवेश हेतु 58 छात्रों का चयन किया जाना है। इस क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स, हॉकी, कबड्डी एवं बास्केट बाल विधाओं में प्रशिक्षण देना प्रस्तावित किया गया है। छ0ग0 के किसी भी उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के ऐसे छात्र जिनकी आयु 31 दिसंबर 2022 को 14 वर्ष से कम हो इस क्रीड़ा परिसर में प्रवेश ले सकते है।

     अनुसूचित जनजाति वर्ग की 58 खिलाड़ी छात्रों का चयन ‘‘10 बैटरी टेस्ट‘‘ लेकर उसके मूल्यांकन द्वारा किया जाएगा। ये टेस्ट है - 50 मी०दौड़, उछाल परीक्षण, शटल रेस (4.10मी), स्टैण्डिग ब्रांड जमा, गतिशील स्फूर्ति परीक्षण, अपर बॉडी बेंडिंग, पुश-अप, लेग रेसिंग, सिट-अप, 400 मीटर दौड़ प्रवेश परीक्षा 14 एवं 15 जुलाई 2022 को कन्या आश्रम/कीड़ा परिसर में प्रातः 09 बजे से आयोजित की जाएगी। चयनित छात्राओं को मेडिकल प्ररीक्षण किया जाएगा। छात्रों को आवासीय व्यवस्था (गद्दे, तकिये, कंबल, चादर, मच्छरदानी, पलंग) उपलब्ध कराई जाएगी तथा खेल किट (ट्रेक शूट -1, जूता- 1, मोजा - 2, निकर, एवं टी-शर्ट-2 ) एवं शालेय गणवेश प्रति वर्ष शासन द्वारा प्रदान किया जाएगा। निःशुल्क भोजन एवं पौष्टिक आहार की व्यवस्था क्रीड़ा परिसर में की जाएगी।

समाचार

दावा आपत्ति की अंतिम तिथि 14 तक

     जांजगीर-चांपा 07 जुलाई 2022/ छ०ग० राज्य सहकारी निर्वाचन आयोग अंतर्गत रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा कृष्णा बुनकर समिति अमोदा के सदस्यों को सूचित किया गया है कि सोसायटी की सदस्यता सूची का प्रथम प्रकाशन 8 जुलाई को किया गया है तथा प्रकाशित सदस्यता सूची के संबंध में दावा/आपत्ति प्राप्त करने की तिथि 8 जुलाई से 14 जुलाई कार्यालयीन समय निर्धारित है। दावा-आपत्ति के लिए समिति के सदस्य श्री कृष्ण लाल देवांगन को प्राधिकृत किया गया है। आपत्तियों का निराकरण 15 जुलाई 2022 को किया जाकर अंतिम सदस्यता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।


जब कलेक्टर हो गए कीचड़ से लथपथ...

गौठान में हुए कार्यों को करीब से देखने कीचड़ और मिट्टी में चलते रहे..

    जांजगीर-चाम्पा 7 जुलाई 2022/ आमतौर पर ऐसे कई बड़े अधिकारी होते हैं, जो कीचड़ या गीली मिट्टी देखकर अपने जूते-चप्पल गन्दे होने की डर से पैदल चलना मुनासिब नहीं समझते। जिले के नव पदस्थ कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा शायद जमीन से जुड़े हुए वे अधिकारी है, जिन्हें न तो गीली मिट्टी में फिसलने का डर था और न ही कीचड़ में चलने से परहेज। जिले में पदस्थ होने के बाद विकास कार्यों का बारीकियों से अवलोकन करने निकले कलेक्टर श्री सिन्हा आज जब एक गौठान का अवलोकन करने पहुँचे तो वे पैदल ही दूर तलक तब तक आगे बढ़ते रहे, जब तक उन्होंने करीब से यहाँ के सम्पूर्ण कार्यों को न देख लिया। इस दौरान उनके जूते कीचड़ से लथपथ हो गए, फिर भी वे बिना परवाह किए आगे बढ़ते रहे। यहाँ पहुँचने और विकास कार्यों सहित स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत के बाद उनकी आमदनी और गतिविधियों को देखकर प्रशंसा किए बिना नहीं रह सके।

नवपदस्थ कलेक्टर श्री सिन्हा द्वारा जिले में विकास को बढ़ावा देने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की न सिर्फ बैठकें ली जा रही है, अपितु वे ब्लॉक में हुए महत्वपूर्ण कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन के साथ शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भी मौके पर अधिकारियों को निर्देशित कर रहे हैं। पहले दिन जिले के दूरस्थ क्षेत्र डबरा से दोैरे की शुरूआत करने के बाद आज उन्होंने अकलतरा ब्लॉक में दौरा किया। वे शहर की सड़कों पर निरीक्षण करते हुए तहसील, जनपद, स्कूल, धनवंतरि मेडिकल दुकान और गोठानों तक पहुचे। उन्होंने जनपद कार्यालय में शासन की योजनाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रत्येेक ग्रामीणों तक पहुचाने के लिए प्रेरित किया। तहसील में तहसीलदार की कुर्सी में बैठकर राजस्व प्रकरणों की जांच की और निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मंशानुसार किसानों और जनता के हित में कार्य करें। नामान्तरण, सीमांकन, बटांकन के प्रकरण लंबित न रखे। फौती, ऋण पुस्तिका का वितरण समय पर करें। यहां से वे अकलतरा में संचालित स्वामी आत्मानन्द शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय पहुचे और एक-एक कक्षाओं में जाकर उपलब्ध सुविधाओं सहित संसाधनों की जांच की। यहां प्राचार्य से चर्चा करते हुए वर्तमान में व्याप्त समस्याओं को जाना और निर्देशित किया कि आप लोग विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें, जो भी कमियां है, उसे दूर करने की दिशा में हमारे द्वारा योजना बनाई जा रही है। कलेक्टर श्री सिन्हा यहां से ग्राम तिलई में गौठान देखने पहुचे। गौठान में मुर्गी, बतख, मछली पालन को देखने के बाद स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बात की। यहां आरती स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती सरोजनी साहू सहित अन्य द्वारा जब बताया गया कि गौठान उनके लिए आर्थिक रूप से लाभदायक साबित हो रहा है, तो कलेक्टर ने खुशी जाहिर करते हुए यहां अन्य लाभदायक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश जनपद सीईओ सहित अधिकारियों को दिए। गौठान में उन्होंने फलदार पौधे लगाने के भी निर्देश दिए। वे धनवंतरि मेडिकल दुकान भी पहुचे और कहा कि मुख्यमंत्री चाहते है कि किसी भी गरीब को अधिक कीमत में दवा न लेना पड़े। दुकान में सभी प्रकार की दवाइयां जरूर रखी जाए ताकि जरूरतमंद मरीज यहां से दवा खरीदकर अपनी बीमारी दूर कर सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती नंदिनी कमलेश साहू भी उपस्थित थी।


आत्मानंद स्कूल की सौगात मिलने पर विधानसभा अध्यक्ष का आतिशी स्वागत

जांजगीर चांपा,7 जुलाई,2022/जिले की सारा गांव नगर पंचायत स्थित बिसाहू दास महंत शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय में अंग्रेजी /हिंदी माध्यम आत्मानंद विद्यालय की सौगात मिलने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत का ऐतिहासिक और गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

  नगर वासियों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत के बुधवार की शाम नगर आगमन पर बी डी एम डबरी चौक में उनका आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया। नगर और क्षेत्र वासियों ने क्षेत्र में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुविधा के लिए डा महंत का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर वासियों ने डॉक्टर महंत को श्रीफल फूल माला से स्वागत किया। नगर पंचायत अध्यक्ष रामकिशन सूर्यवंशी उपाध्यक्ष दिलेश्वर राठौर मुख्य नगरपालिका अधिकारी सत्यनारायण देवांगन और पार्षदों ने डॉक्टर महंत को श्रीफल,साल व कोसे के वस्त्र भेंट कर उनका आभार जताया।

 इस अवसर पर बड़ी तादाद मे नगरवासी सहित देवरी, अमरूवा, सोनियापाट के पंचायत प्रतिनिधि और अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ