लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए जिला स्तरीय स्टेण्डिंग कमेटी की बैठक का आयोजन आज कलेक्ट्रेट सभागृह में किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कुमार सिन्हा ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आगामी मतगणना कार्यक्रम के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि दिनांक 07 मई 2024 को हुए मतदान के लिए आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 04 जून 2024 को प्रात: 08:00 बजे से प्रारंभ होगी। स्ट्रांग रूम प्रात: 07:00 बजे खोले जायेंगे। मतगणना स्थल शासकीय पी.जी. कॉलेज गुना है।
बैठक में सर्वप्रथम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सिंह द्वारा उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को लोकसभा निर्वाचन 2024 सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर धन्यवाद दिया गया। बैठक में जानकारी दी गयी कि मतगणना के लिए लोकसभा संसदीय क्षेत्र 04-गुना एवं 20-राजगढ़ की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 20-20 काउंटिंग टेबिल लगाई जाएंगी। विधानसभा बमोरी, गुना एवं राघौगढ़ की मतगणना 14-14 राउंड में एवं विधानसभा चांचौड़ा की मतगणना 15 राउंड में की जायेगी। प्रत्येक मतगणना टेबिल पर 1 गणना पर्यवेक्षक, 1 गणना सहायक एवं 1 माईक्रो ऑब्जर्वर के मान से मतगणना कार्मिकों की नियुक्ति की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सिंह द्वारा राजनैतिक दलों को अवगत कराया गया कि प्रत्येक काउंटिंग टेबल पर गणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति आयोग के निर्देशानुसार की जा सकती है साथ ही उन्होंने कहा कि गणना अभिकर्ताओं को विस्तृत प्रशिक्षण भी मतगणना प्रक्रिया के संबंध में प्रदान किया जाये।
मतगणना स्थल पर किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल एवं किसी भी प्रकार के धूम्रपान से संबंधित सामग्री ले जाना रहेगा प्रतिबंधित
पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कुमार सिन्हा द्वारा बताया गया कि मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी जायेगी। अभ्यर्थी/ अभिकर्ता अपना परिचय पत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं। आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल एवं किसी भी प्रकार के धूम्रपान से संबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नही होगी। गणना अभिकर्ताओं को निर्धारित टेबल पर अपने नियत स्थान पर बैठने की अनुमति रहेगी।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विशाल सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमति जिया फातिमा, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर गुना श्री रवि मालवीय, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर चांचौड़ा श्री विकास कुमार आनंद, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बमोरी श्रीमति शिवानी पाण्डे, सहायक संचालक जनसंपर्क सुश्री सोनिया परिहार, मीडिया एवं सहायक नोडल श्री बी.एस. मीना जिला रोजगार अधिकारी सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ