आधार कार्ड निर्माण की प्रतिदिन की प्रगति हेतु अधिकारी एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे
शिवपुरी, 02 सितम्बर 2024/ प्रधानमंत्री जनमन अभियान अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर आधार कार्ड के कैम्प लगाए जायेंगे। संबंधित जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कैम्प के लिए नोडल अधिकारी होगें।
कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी द्वारा आधार कार्ड निर्माण की प्रतिदिन की प्रगति अथवा समीक्षा हेतु ई-दक्ष केन्द्र शिवपुरी में अधिकारी एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं। ई-दक्ष केन्द्र में बनाए गए कन्ट्रोल रूम के प्रभारी के रूप में जिला रोजगार अधिकारी स्वप्निल श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है। इनके सहयोग के लिए कम्प्यूटर आपरेटर दीपक शर्मा, कम्प्यूटर आपरेटर हरगोविंद हरितवाल, कम्प्यूटर आपरेटर नितिन वैरागी को नियुक्त किया गया है।
पीएम जनमन अभियान मे पीएम जनमन मोबाइल मेडीकल यूनिट ने 40 आदिवासी ग्रामों में लगाएं कैंप
13 मोबाइल मेडीकल यूनिट का हुआ संचालन
शिवपुरी, 02 सितम्बर 2024/ स्वास्थ्य संस्थाओं से 5 किलोमीटर से दूरस्थ स्थित सहरिया आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में मोबाइल मेडीकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में 2555 आदिवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविरों में चिन्हाकित गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित रोगियों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने का कार्य भी किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पवन जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री जनमन अभियान का संचालन किया जा रहा है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग व पंचायत विभाग का सहयोग प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया है।
प्रधानमंत्री जनमन अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग को ऐसे सहरिया आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निर्देेशित किया गया है, जो स्वास्थ्य संस्था से 5 किमी की दूरी पर स्थित हैं। इनमें स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए विभागीय स्तर पर 13 मोबाइल मेडीकल यूनिट, एमएमयू गठन कर संचालन किया जा रहा है। एमएमयू में आयुष चिकित्सा अधिकारी आरबीएसके, कम्यूनिटि हेल्थ आफीसर, एएनएम, आशा, आशा सहयोगी सहित मलेरिया, कुष्ठ, टीबी, सिकल सैल एनीमिया के परीक्षण हेतु कर्मचारियों की डयूटियां लगाई गई।
प्रधानमंत्री जन-मन अभियान के अंतर्गत एमएमयू नोडल आफीसर डॉ संजय ऋषीश्वर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविरों के माध्यम से गांव में ही पैथलॉंजी जांच से लेकर एएनसी, हाईपरटेंशन, एनीमिया, सिकल सैल एनीमिया, कुपोषण, बर्थ डिफेक्ट का परीक्षण किया गया। जिसमें हाईरिस्क गर्भवती आदिवासी महिलाएं 24, टीबी के 24 मरीज, रक्त अल्पता से ग्रसित 498 मरीज, जन्मजात विकृति के 29 बच्चे, हाईपर टेंशन के 85 रोगी सहित 34 कुपोषित बच्चे का चिन्हाकन किया गया है। जिन्हें उपचार प्रदान किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ