Shivpuri news: शिवपुरी जिले के कोलारस में गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने से परेशान किसानों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। भडौता, साखनौर और गौरा कस्बा गांव के दो दर्जन से अधिक किसानों ने कोलारस विद्युत मंडल का घेराव कर 10 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की।
किसानों का कहना था कि इस समय खेतों में गेहूं की फसल के लिए पानी बेहद जरूरी है, लेकिन उन्हें मात्र 2 से 3 घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे सिंचाई पूरी नहीं हो पा रही, जिससे फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही 10 घंटे की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो इसका पूरा जिम्मा विद्युत विभाग का होगा।
किसानों के विरोध के बाद विद्युत मंडल के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ही किसान शांत हुए और वापस लौटे।

0 टिप्पणियाँ