पोहरी जनपद पंचायत के अस्थाई सीईओ गिर्राज शर्मा को हटाने की मांग जहां जनपद सदस्यों द्वारा की गई, इस संबंध में पोहरी जनपद सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर उन्हें हटाने की मांग की वहीं दूसरी ओर सरपंच और सचिव संघ ने उनके समर्थन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, सरपंच सचिव ने सीईओ को यथावत रखने की मांग की गई।
जनपद संघ अध्यक्ष अरविंद वर्मा के नेतृत्व में जनपद सदस्यों ने सीईओ पर विकास कार्यों में लापरवाही और जनपद सदस्यों से अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए स्थायी सीईओ की नियुक्ति की मांग की थी। वहीं, दूसरी ओर सरपंच और सचिव संघ का कहना है कि गिर्राज शर्मा ईमानदार और स्वच्छ छवि के अधिकारी हैं, लेकिन कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के कारण उन्हें हटाने का षड्यंत्र रच रहे हैं।
सीईओ गिर्राज शर्मा ने बताया आरोप निराधार -
इस पूरे मामले पर सीईओ गिर्राज शर्मा ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। उन्होंने बताया कि कुछ जनपद सदस्यों ने उनके पास आकर नियमों के विपरीत कार्य करवाने का दबाव बनाया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। इसी वजह से नाराज होकर कुछ सदस्यों ने उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए।
गिर्राज शर्मा के अनुसार, सदस्यों द्वारा जनपद की 15वीं वित्त और जिला पंचायत की 15वीं वित्त से सीसी रोड की मांग की जा रही थी, जो पूरी तरह से नियमों के खिलाफ थी। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करना उनकी प्राथमिकता है और वे किसी भी दबाव में नहीं आएंगे।

0 टिप्पणियाँ