मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शासकीय कार्यालयों का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिनांक 1 अप्रैल 2024 को जारी किया गया था, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी शासकीय अधिकारी व कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहेंगे और ड्यूटी समय तक मौजूद रहना अनिवार्य होगा। बावजूद इसके शिवपुरी जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत कार्यालय में इस आदेश की खुलेआम अवहेलना की जा रही है।
शुक्रवार की सुबह जब पत्रकार टीम जिला पंचायत कार्यालय पहुंची, तो अधिकांश कमरों में ताले लटके मिले। न अधिकारी मौजूद थे और न ही कर्मचारी। यह स्थिति केवल शुक्रवार की नहीं बल्कि रोजमर्रा की बताई जा रही है। यहां पदस्थ अधिकारी और कर्मचारी अपनी मर्जी से कार्यालय आते-जाते हैं, जिससे आमजन और खासकर ग्रामीण अंचलों से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण विकास से जुड़ी अधिकांश योजनाओं और कार्यों का संचालन इसी कार्यालय से होता है, लेकिन लापरवाही के चलते जनहित प्रभावित हो रहा है।
स्थापना शाखा प्रभारी ब्रह्मानंद गुप्ता ने मामले में सफाई देते हुए कहा कि, "कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर रखा गया है जिसमें कर्मचारियों के आने-जाने का समय दर्ज किया जाता है। यदि कोई कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच रहा है, तो जांच के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"

0 टिप्पणियाँ