शिवपुरी जिले की सीमा में एक बार फिर कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकला चीता दिखाई दिया है। इस बार गुरुवार सुबह सुभाषपुरा बस्ती के पहले एनएच-46 के पास एक खेत में चीते की मौजूदगी देखी गई। अचानक चीते के दिखने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। चारों तरफ से घिर जाने के चलते चीता करीब चार घंटे तक एक ही स्थान पर बैठा रहा।
सूचना मिलते ही सुरक्षा की दृष्टि से सुभाषपुरा थाना प्रभारी राजीव दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नेशनल पार्क प्रबंधन को भी जानकारी दी गई, जिसके बाद चीते की ट्रैकिंग में लगी टीम वहां पहुंची और लगातार निगरानी शुरू कर दी।
सुभाषपुरा में चीते की मौजूदगी की पुष्टि पोहरी विधायक कैलाश कुशवाहा ने भी की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी साझा की।
करीब चार घंटे बाद चीते ने अपना स्थान बदला। विशेषज्ञों के मुताबिक यदि चीता एनएच 46 हाइवे पार करता है तो संभव है कि वह वापस कूनो नेशनल पार्क की ओर लौट जाए। वहीं, अगर हाईवे पार नहीं करता तो उसके बम्हारी के जंगलों से होते हुए माधव टाइगर रिजर्व में प्रवेश करने की संभावना है। फिलहाल ट्रैकिंग टीम उसकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।

0 टिप्पणियाँ