Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : छात्रों ने अव्यवस्थाओं को लेकर घेरा प्रशासन

 


शिवपुरी के यूआईटी आरजीपीवी में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने छात्र समस्याओं को लेकर एक दिवसीय प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को उठाया।

प्रदर्शन का नेतृत्व यूआईटी इकाई के अध्यक्ष आयुष दुबे ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रों के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

छात्रों ने कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त की। उनकी प्रमुख मांगों में छात्रावासों के शौचालयों की स्थिति में सुधार, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, शिक्षक भर्तियों की जांच और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति शामिल थी। इसके अतिरिक्त, कॉलेज में सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने "कॉलेज प्रशासन होश में आओ" और "हम अपना अधिकार मांगते, नहीं किसी से भीख मांगते" जैसे नारे लगाए।

कार्यक्रम के अंत में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रभारी डायरेक्टर संजीव गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। गुप्ता ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर आयुष दुबे के साथ शुभम धाकड़, अव्यय उपाध्याय, दीपक शुक्ला, ओम त्रिपाठी, अभिषेक धाकड़, प्रशांत कटारे सहित कई छात्र मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ