शिवपुरी
शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में बीते 24 जून की दरमियानी रात पार्षद नीतू शर्मा के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 23 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों समेत कुल 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पोहरी आईटीआई कॉलेज के पीछे बने नाले में तीन संदिग्ध व्यक्ति छिपे हुए हैं। मुखबिर की सटीक सूचना पर तत्काल एक पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए तीनों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
1. रामनिवास उम्र 42 साल पुत्र उदय मोगिया, निवासी - गोपालपुर, शिवपुरी।
2. श्रीवल्लभ उर्फ रनघोर पारदी उम्र 35 साल ,पुत्र रणछोर, निवासी - कनैरा, थाना धरनावदा।
3. रामेश्वर उम्र 45 साल, पुत्र हरिशंकर गोस्वामी, निवासी - ग्वालीपुरा, पोहरी।
अंतराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में से 2 आरोपी अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य हैं, जो गिरोह में रहकर वारदातों को अंजाम देते हैं। अंतर्राज्यीय आरोपी श्रीवल्लभ पारदी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी चोरी, हत्या, लूट, डकैती और हत्या का प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। तलाशी के दौरान आरोपी श्रीवल्लभ पारदी के पास से एक अवैध लोहे की अधिया (देशी बंदूक) भी बरामद की गई है।
### नाले के पास मिट्टी में दबा रखा था माल
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने पोहरी में पार्षद नीतू शर्मा के घर से चोरी किया गया माल आरोपी रामेश्वर गोस्वामी के खेत के पास नाले में ही पत्थर के पास मिट्टी में दबाकर छुपाया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छुपाया गया पूरा माल बरामद कर लिया है।
बरामद किए गए जेवरात और नगदी (कुल कीमत: ₹25,00,000):
सोने के आभूषण:01 मंगलसूत्र, 04 अंगूठी, 02 कड़े, 01 जंजीर, 02 नग झुमकी।
चांदी के आभूषण: 03 कमरबंध (करधौनी), 04 नग पायल, 07 नग तोड़िया, 02 नग बच्चे के चूड़ा, 06 नग बिछिया, 02 नग हाय सेट, 04 नग पुतलियां, 04 नग सिक्के।
नगदी:₹85,000/- (पचासी हजार रुपये) नगद।
अन्य सामग्री: ₹70,000/- कीमत की एक पल्सर मोटरसाइकिल, ₹40,000/- कीमत की लोहे की तिजोरी और ₹5,000/- कीमत की अवैध लोहे की अधिया (देशी बंदूक)।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बड़ी कामयाबी से क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।

0 टिप्पणियाँ