भोपाल। मध्य प्रदेश के लगभग 8 करोड़ नागरिकों के लिए ऑनलाइन शासकीय सेवाओं का उपयोग अब और आसान होने जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न विभागीय पोर्टल और मोबाइल ऐप को ‘जनपरिचय-मेरी पहचान’ (राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन-एनएसएसओ) प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए आज 27 नवंबर को भोपाल में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में होने वाली इस कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों, विभागीय आईटी टीमों और एप्लीकेशन डेवलपर्स को लाइव डेमो व व्यावहारिक सत्रों के जरिए तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
बार-बार पंजीयन और पासवर्ड से मिलेगी राहत विभागीय पोर्टल और मोबाइल ऐप के जनपरिचय प्लेटफॉर्म से एकीकृत होने के बाद नागरिकों को ‘एक नागरिक, एक लॉगिन’ की सुविधा मिलेगी। फिलहाल विभिन्न शासकीय वेबसाइटों और ऐप्स पर अलग-अलग आईडी, पासवर्ड या ओटीपी की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। एकीकृत व्यवस्था लागू होने पर एक ही लॉगिन से केंद्र और राज्य सरकार की सेवाओं व योजनाओं तक पहुंच आसान होगी। जनपरिचय पर एक बार सत्यापित प्रोफाइल होने से आवेदनों में बुनियादी जानकारी स्वतः भर जाएगी, जिससे समय बचेगा और आवेदन में होने वाली गलतियों की संभावना भी कम होगी।
डेवलपर्स और तकनीकी टीमों का घटेगा बोझ यह पहल केवल आम नागरिकों के लिए ही नहीं, बल्कि सरकारी पोर्टल और ऐप बनाने वाले प्रोग्रामर्स, सॉफ्टवेयर डेवलपर्स व तकनीकी सलाहकारों के लिए भी मददगार साबित होगी। प्रत्येक नए ऐप या पोर्टल के लिए अलग यूजर रजिस्ट्रेशन, पासवर्ड रीसेट और लॉगिन सिस्टम बनाने व उसके रखरखाव की जरूरत नहीं रहेगी। मानकीकृत एपीआई (एपीआई) के माध्यम से विभागीय सेवाओं को तेजी से जोड़ा जा सकेगा और साइबर सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रमाणीकरण सुनिश्चित होगा। इससे तकनीकी टीमों का कार्यभार कम होगा और वे ऐप की मुख्य सुविधाओं व उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाने पर ध्यान दे सकेंगे।


0 टिप्पणियाँ