Music

BRACKING

Loading...

खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में होगी पारदर्शिता : खेल मंत्री श्री पटवारी

खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने कहा है कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में पूरी तरह पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। खेल मंत्री श्री पटवारी आज जबलपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में खेल संघों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश में खेलों के विकास के लिये महत्वपूर्ण सुझाव आमंत्रित करने की मंशा से खेल मंत्री की पहल पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

संवाद कार्यक्रम में खेल मंत्री श्री पटवारी ने कहा कि समन्वित सहयोग से प्रदेश में खेलों का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की भावना के अनुरूप मध्यप्रदेश को खेलों में देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में आवश्यक मूलभूत खेल अधोसंरचनाएं सुनिश्चित की जा रही है। खेल मंत्री ने खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ियों द्वारा मार्शल आर्ट कराटे, जूडो और कुश्ती खेल के लिए इंडोर हॉल, सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक की मांगों तथा साइकिलिंग बेलोड्राम के विकास हेतु दिए गए सुझावों पर उन्हें आश्वस्त किया कि खेलों के विकास में कोई कमी बाकी नहीं रखी जाएगी।

कार्यक्रम में संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ एस एल थाउसेन ने जबलपुर में खेल विभाग द्वारा निर्मित और निर्माणाधीन खेल अधोसंरचनाओं तथा तीरंदाजी अकादमी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

तीरंदाजी अकादमी का भ्रमण

मंत्री श्री जीतू पटवारी ने जबलपुर में खेल विभाग द्वारा संचालित मध्यप्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अकादमी के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तीरंदाजी खेल के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ

खेल मंत्री ने जबलपुर में रानीताल खेल परिसर स्थित हॉकी मैदान पर आयोजित स्व. हनुमान प्रसाद तिवारी स्मृति हाकी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने हॉकी फीडर सेंटर तथा तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों को खेल किट का वितरण किया।

स्वागत से इनकार

कार्यक्रम के प्रारंभ में खेल मंत्री श्री जीतू पटवारी ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जबलपुर जिले के मझौली विकासखंड के ग्राम खुडावल के सपूत अश्वनी कुमार काछी की शहादत को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने विनम्रतापूर्वक अपना स्वागत कराने से भी इंकार कर दिया।

कार्यक्रम में विधायक कालापीपल श्री कुणाल चौधरी, अर्जुन अवॉर्डी हॉकी सुश्री मधु यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ