Music

BRACKING

Loading...

2815 रुपए में मिलेगा नल का कनेक्शन

शिवपुरी. शहर की सबसे बड़ी पानी की समस्या को दूर करने के लिए संचालित जलावर्धन योजना के तहत घरों में दिए जाने वाले कनेक्शनों की दर तय करने के लिए बुधवार को नगरपालिका परिषद की साधारण सभा की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया, 2815 रुपए में पानी का कनेक्शन मिलेगा। परिषद की बैठक में छह बिंदुओं पर चर्चा होनी थी, लेकिन पानी को लेकर ऐसी हाय-तौबा मची कि परिषद की पूरी बैठक ही उसमें निपट गई। नपा उपाध्यक्ष जब बैठक में आए तो वे ऊपर मंच पर बैठने की बजाय पार्षदों के बीच बैठ गए। जिन्हें नपाध्यक्ष उठाने आए और अपने साथ ऊपर बिठाया। ऊपर बैठने के बाद भी उपाध्यक्ष ने जलावर्धन योजना की न केवल हकीकत बयां करते हुए परिषद के एजेंडे में पांच बिंदुओं को निरर्थक बताते हुए कहा कि मैं इसलिए नीचे पार्षदों के बीच में बैठ रहा था, ताकि जनता की ओर से सवाल कर सकूं।
परिषद की बैठक 11 बजे से शुरू होना थी और सबसे पहले सीएमओ केके पटेरिया व कुछ देर बाद नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह भी वहां आ गए। शुरुआत में पांच पार्षद थे, इसलिए शेष पार्षदों का इंतजार किया गया। लगभग 11.20 बजे तक कुछ और पार्षद भी वहां आ गए। राष्ट्रगान के साथ परिषद की बैठक शुरू हुई और एजेंडे के पहले बिंदु- जलावर्धन योजना में हाउस कनेक्शन, पर चर्चा की गई। जिसमें सीएमओ ने बताया कि 2815 रुपए में प्रति कनेक्शन का चार्ज लिया जाएगा। उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने पूछा कि अभी जलावर्धन योजना में डिस्ट्रीब्यूशन लाइन का कितना काम हो गया है?, सब इंजीनियन सचिन चौहान ने बताया कि 207 किमी में से अभी तक 65 किमी डिस्ट्रीब्यूशन लाइन डाली जा चुकी है, शेष का काम चल रहा है। कलेक्ट्रेट की पानी की टंकी से 8 किमी आसपास के क्षेत्र में डिस्ट्रीब्यूशन लाइन का काम पूरा कर लिया गया है, जबकि गांधी पार्क टंकी से जुड़े एरिया में कुछ जगह सडक़ क्रॉसिंग के लिए परमीशन लेनी है।
पानी के लिए ऐसे हुआ हंगामा
भाजपा पार्षद भानू दुबे ने पूछा कि डिस्ट्रीब्यूशन लाइन में कनेक्शन कैसे दिए जाएंगे?, सब इंजीनियर सचिन ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूशन लाइन में से 3 इंची की लाइन अलग से अंडर ग्राउंड डाली जाएगी, जिसमें से घरों में कनेक्शन दिए जाएंगे। भानू ने पूछा तो क्या फिर से खुदाई होगी, तो इसका कोई जवाब नहीं दे पाया। पार्षद विष्णु राठौर ने कहा कि हमारे वार्ड में तो छह माह पूर्व से सडक़ खोदकर डिस्ट्रीब्यूशन लाइन डाल दी, लेकिन कनेक्शन कब किए जाएंगे?। सीएमओ ने कहा कि परिषद से प्रस्ताव पास करके नगरीय प्रशासन को भेजा जाएगा, फिर टेंडर होंगे। पार्षद पति संजय गुप्ता ने कहा कि टेंडर में भी दो-तीन महीने लग जाएंगे, जनता को पानी कब तक मिलेगा?। इसका जवाब जिम्मेदार नहीं दे पाए।
उपाध्यक्ष ने खोलीं जलावर्धन योजना की परतें
नपा उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि जलावर्धन योजना में काम न करने वाली दोशियान कंपनी को परिषद की बैठक में निरस्त करके हम अपनी पीठ थपथपाते रहे और दूसरी कंपनी को काम दे दिया, लेकिन सिर्फ कंपनी बदली और काम करने वाले चेहरे वो ही रहे। यह योजना 60 करोड़ से शुरू होकर 80 और फिर अब 110 करोड़ रुपए की हो गई, लेकिन 11 साल में डिस्ट्रीब्यूशन का काम भी नहीं हो पाया। डिस्ट्रीब्यूशन लाइन वहां पर डाली जा रही है, जहां एक मकान व 19 प्लॉट हैं, जबकि आबादी क्षेत्र में अभी तक लाइन का काम पूरा नहीं हो सका। शहर की जनता को तड़पा-तड़पाकर पानी दिया जा रहा है, पार्षद धरना देने को मजबूर हो रहे हैं। उपाध्यक्ष ने कहा कि जब दोनों पंप चलेंगे, तब एक साथ सात-आठ टंकियां भर पाएंगीं, लेकिन यहां तो एक पंप में ही पाइप फूट रहे हैं। दोनों पंप में तो पाइप उखड़ जाएंगे। अनिल ने कहा कि उन उपयंत्रियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, जिनकी वजह से प्रोजेक्ट इस हाल में पहुंच गया।
उपाध्यक्ष ने नपा एजेंडे में शामिल किए गए छह में से चार बिंदु निरर्थक बताते हुए कहा कि पीआईसी में जिन कामों की स्वीकृति मिलती है, उसे परिषद से पास कराना जरूरी होता है। लेकिन उन कामों की लिस्ट तो बताई जाए कि कौन से काम किए गए हैं। उपाध्यक्ष ने सीएमओ से पूछा कि क्या पीआईसी के काम बताए नहीं जाने चाहिए?। सीएमओ ने कहा कि हम पीआईसी के कामों की लिस्ट बनाकर पार्षदों को भिजवा देंगे।
पार्षद ने वार्ड में रहने का सीएमओ को ऑफर
वार्ड 16 के पार्षद लालजीत आदिवासी ने अपने वार्ड की सडक़ों की बदहाली को बताते हुए नपा सीएमओ केके पटेरिया से कहा कि आप मेरे वार्ड में किराए का कमरा लेकर अपने बच्चों सहित वहां रहें, तब पता चलेगा कि वार्ड की जनता किन हालातों के बीच में जीवन व्यतीत कर रही है। पार्षद मंच पर पहुंचकर टेबिल ठोकते हुए बोला कि मुझे सडक़ चाहिए।
ये निकला सडक़ों का निष्कर्ष
शहर के जिन वार्डों में डिस्ट्रीब्यूशन लाइन डाली जा चुकी है, उसमें एक कॉर्नर पर पाइप को बाहर निकालकर छोड़ दिया जाए तथा सडक़ बनाने के बाद उस मेन लाइन से घरों के कनेक्शन किए जाएं। जहां पर लाइन नहीं डाली है, वहां पर भौतिक सत्यापन कर पाइप लाइन के लिए जगह छोडक़र शेष हिस्से में सडक़ बना दी जाए। ताकि बरसात में आमजन को परेशानी न झेलनी पड़े।

काम न करने वालों की एफडीआर करेंगे जब्त
नपा सीएमओ ने कहा कि जिन वार्डों में 3 महीने से लेकर डेढ़ साल पूर्व के स्वीकृत कामों के टेंडर लेने के बाद ठेकेदारों ने काम नहीं किया, उनकी लिस्ट बनाकर हम उन्हें 24 घंटे का आखिरी चेतावनी नोटिस देकर उन्हें निरस्त कर देंगे तथा उनकी एफडीआर राजसात करके उस काम का पुन: सात दिन का टेंडर बुलाएंगे। ताकि काम जल्दी हो सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ