शिवपुरी। अभी हाल ही मेें हुए लोकसभा चुनाव में क्षेत्र के दिग्गज नेता और कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराकर सांसद की कुर्सी पर काबिज हुए सांसद डॉ केपी यादव ने अपनी पहली सेलेरी आर्मी वेलफयर फंड को देने का फैसला लिया है। यह मिसाल करते हुए केपी यादव ले सेना पर फक्र और गर्व होने की बात कही है।
देश की सीमा पर जान की बाजी लगाकर वतन की रक्षा करने वाले सैनिकों को और अधिक मजबूत करने संभवत: पहली बार किसी सांसद ने अपनी पहली सैलरी सैनिकों (आर्मी वेलफेयर फंड) के नाम करने का फैसला लिया है। अगले महीने गुना संसदीय क्षेत्र के सांसद को पहली सैलरी मिलना है, जिसे वे सैनिक फंड में डालेंगे इसका उपयोग देश की सेवा में लगे सैनिकों को मजबूत और सशक्त बनाने में हो सकेगा।
दरअसल हम बात कर रहे हैं गुना संसदीय क्षेत्र से पहली बार सांसद बने डॉ. केपी यादव की, जिन्हें जुलाई माह में बतौर सांसद पहली सैलरी मिलने वाली है। इसका वे निजी उपयोग न करते हुए देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के हाथ मजबूत करने में लगाएंगे। पहली सैलरी का चेक बनवाकर केंद्रीय रक्षा मंत्री को सौंपेंगे। यह हमारे संसदीय क्षेत्र और जिले के लिए भी एक बड़ी बात है जो इस तरह की पहल हमारे क्षेत्र के सांसद ने की। सांसद यादव ने कहा कि हमारी सेना हमारा अभिमान है और हमें उस पर गर्व भी है।
राजनाथ सिंह ने भी पहली सैलरी सैनिकों को दी थी, इन्हीं से हुए प्रेरित
सांसद की पत्नी डॉ. अनुराधा यादव ने बताया कि केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी एक महीने की सैलरी 1.59 लाख रुपए सैनिकों को दी थी। उन्हीं से सांसद प्रेरित हुए और पहली सैलरी सैनिकों के नाम करने का मन बनाया है। केंद्रीय रक्षामंत्री को सैलरी मिलते ही चेक सौंपेंगे। सांसद यादव ने कहा कि सैनिक सीमा पर डटे रहते हैं, ऐसे में सामान्य नागरिक सहयोग का हाथ बढ़ाकर सैनिकों के साथी बन सकते हैं।
देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी जितनी हमारे सैनिकों की है उतनी ही देश के प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने कहा राष्ट्रभक्ति का अर्थ सिर्फ हाथ में बंदूक लिए सरहद पर खड़े होकर दुश्मनों का सामना करना नहीं है। हमारे देश में अशिक्षा असमानता, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता रूपी जो दुश्मन हैं जो हमारे देश को खोखला कर रहे हैं उनसे हम आम इंसान ही लड़ सकते हैं।
आम नागरिक भी कर सकते हैं सहयोग
सिंडिकेट बैंक में आर्मी वेलफेयर फंड बैटल कैजुअल्टी के नाम से अकाउंट खुला है और कोई भी भारतीय इसमें पैसा डाल सकता है। इस अकाउंट में 1 रुपए से लेकर जितना आप चाहें उतना पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं। नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए भी इसमें पैसा ट्रांसफर किया जा सकता है। यह पैसा सीधे भारत सरकार के पास जाता है। सरकार से यह पैसा आर्मी जवानों पर खर्च किया जाता है।

0 टिप्पणियाँ