भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार देर रात सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर आए सभी 22 पूर्व विधायकों को टिकट दिया गया है। इन पूर्व विधायकों के विधानसभा से इस्तीफे के बाद ही कमल नाथ सरकार अल्पमत में आई थी।
सत्ता परिवर्तन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वादा किया था कि कांग्रेस छोड़ने वाले सभी पूर्व विधायकों को भाजपा चुनाव लड़ाएगी। पार्टी ने उन तीन पूर्व विधायकों को भी टिकट दिया है, जिन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली है।
इसमें मलहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी, मांधाता से नारायण पटेल और नेपानगर से सुमित्रा देवी कास्डेकर शामिल हैं। वहीं, तीन विधायकों के निधन से रिक्त हुई सीट पर भी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें जौरा से पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजोधा, आगर से मनोज ऊंटवाल और ब्यावरा से नारायण सिंह पवार पर भाजपा ने दांव लगाया है। इसी बीच, मंगलवार को ही कांग्रेस चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए। इसी के साथ कांग्रेस ने भी अब तक 27 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। केवल ब्यावरा सीट पर निर्णय होना है।



0 टिप्पणियाँ